असामाजिक तत्वों ने की गिरिराज शिलाएं क्षतिग्रस्त

टॉप न्यूज़

-श्रद्धालुओं में रोष, पुलिस ने शुरु की जांच पड़ताल
मथुरा। गिरिराज धाम गोवर्धन में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा गिरिराज पर्वत की शिलाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे स्थानी धर्मावलंबी लेागों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल आरंभ कर दी है।
गोवर्धन धाम की गिरिराज परिक्रमा के गांव आन्यौर के निकट गिरिराज पर्वत पर लुक-लुक दाऊजी का मंदिर है। यहां सुबह दर्शन पूजा को पहुंचे स्थानीय भक्त मंदिर और आस-पास के हालात देख कर अचंभित रह गए। उन्हें यहां गिरिराज पर्वत पर स्थित प्राचीन लुक-लुक दाऊजी मंदिर में गिरिराज शिला में से प्रकट दाऊजी का विग्रह क्षतिग्रस्त हाल में मिला। वहीं मंदिर के बाहर भी गिरिराज पर्वत पर ही स्थित गिरिराज शिवलिंग व हनुमान जी की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हाल में मिला। इससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने मामले की जांच पड़ताल आरंभ कर दी है। वहीं श्रद्धालुओं का कहना है कि किन्ही असामाजिक तत्वों ने गिरिराज शिलाओं को जान बूझकर तोड़ा है। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। एसपी ग्रामीण त्रिगुण विशेन ने आरोपियों को को जल्द चिह्नित कर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने इसमें नशेबाज एवं विवादित पंडाओं की भूमिका पर संदेह जताया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नितिन कसाना उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठेकेदारी को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। मामले को तूल देने के लिए पंडाओं की भूमिका संदिग्ध है। जांच कर रहे हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कई पंडों को खरी-खोटी भी सुनाई। सीओ गोवर्धन राम मोहन शर्मा ने कहा कि अराजक तत्वों ने गिरिराज पर्वत की शिलाएं व मूर्तियां तोड़ीं हैं। मौके का निरीक्षण किया है। जांच कराई जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने शासन प्रशासन से अनुरोध किया है कि 8 दिन में शासन कार्रवाई करें और अपराधियों की जांच करें नहीं तो हिंदू महासभा आंदोलन करेगा।

Spread the love