
विद्यालयों में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण नामांकन एवं शैक्षिक उन्नयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
मथुरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग, मथुरा द्वारा डायट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में नगर क्षेत्र मथुरा के दो पूर्व एआरपी (अकादमिक रिसोर्स पर्सन) एवं वर्तमान में प्रधान अध्यापक के रूप में कार्यरत रविंद्र कुमार चौधरी एवं बलवीर सिंह को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों एवं व्यक्तिगत विद्यालयी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के प्रधान अध्यापक रविन्द्र कुमार चौधरी ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण नामांकन में वृद्धि, विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार, FLN के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालय में विभिन्न नवाचारों के माध्यम से शिक्षण-अधिगम को प्रभावी बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विद्यालय में आकर्षक एवं बालमैत्री वातावरण विकसित करने तथा समुदाय को विद्यालय से जोड़ने के उनके प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव नामांकन एवं विद्यार्थियों की सहभागिता में दिखाई देता है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय कमला नेहरू कन्या के प्रधान अध्यापक बलवीर सिंह ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने, विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था विकसित करने, विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों में वृद्धि तथा विद्यालय के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए हैं। पूर्व एआरपी के रूप में उनका अकादमिक अनुभव भी विद्यालय के शैक्षिक उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
दोनों शिक्षकों ने शिक्षक की पारंपरिक भूमिका से आगे बढ़कर विद्यालय विकास, नवाचार, नामांकन वृद्धि, FLN एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया है। इसी उत्कृष्ट योगदान के फलस्वरूप शिक्षक दिवस पर उन्हें जनपद स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।
सम्मान प्राप्त करने पर दोनों शिक्षकों को साथी शिक्षकों, विभागीय अधिकारियों एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।