News4live सादाबाद (हाथरस)। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक पंडित टीकाराम पुजारी (वैष्णव) की जयंती शुक्रवार को उनके पैतृक निवास ग्राम ऊंचागांव-रसमई (सुसाइन) में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिवारजनों ने उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को शॉल वितरित कर सेवा कार्य किया।

पंडित टीकाराम पुजारी का जन्म 20 नवंबर 1893 को महंत मोहनदास/उधौदास के पुत्र के रूप में हुआ था। मात्र 16 वर्ष की आयु में ही वे देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे। देश की आजादी के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने कई बार जेल की यातनाएं सहीं। वर्ष 1930 के नमक सत्याग्रह में उन्हें छह माह का कारावास हुआ। वर्ष 1932 में एक वर्ष की सजा, 1941 के व्यक्तिगत सत्याग्रह में एक वर्ष की कैद और 200 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। वहीं 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्हें नजरबंद किया गया। उन्होंने मथुरा जेल, सेंट्रल जेल बरेली, लखनऊ जेल सहित विभिन्न जिला कैंप जेलों में कारावास भोगा।
आजादी के बाद वर्ष 1957 में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर जनसेवा की। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान भी उन्होंने देशहित में भारत सरकार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया था।
स्वतंत्रता संग्राम में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी धर्मपत्नी खेमाकुमारी ने वर्ष 1932 के सविनय अवज्ञा आंदोलन में अपनी मात्र 11 माह की दुधमुंही बेटी कलावती के साथ मथुरा जेल में तीन माह का कारावास काटा और 20 रुपये का जुर्माना भी भुगता।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दिनेश पुजारी, कुंवरपाल वैष्णव, जयंत शर्मा, राघव शर्मा, नरेंद्र कुमार, योगेश कुमार, जितेंद्र शर्मा, सचिन वैष्णव, दीपक अंगिरस, शिव शर्मा, तनुष वैष्णव, रेयांश वैष्णव एवं शिवांश वैष्णव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।