वृंदावन। यूजीसी के नए कानून को काला कानून बताते हुए राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मारुति नगर स्थित सी.एल. शिशु शिक्षा निकेतन में महानगर इकाई की बैठक में यूजीसी मुद्दे पर तीखी चर्चा हुई और जल्द बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता संस्थापक पंडित चंद्र लाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि यूजीसी का यह कानून राजनीति से प्रेरित है। इसके दुष्प्रभाव किसी से छिपे नहीं हैं। यदि सरकार ने तत्काल वापस नहीं लिया तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य आनंदबल्लभ गोस्वामी एवं चंद्र प्रकाश शर्मा ‘बांका लाठी’ ने कहा कि संघ शुरू से ही यूजीसी के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। जब तक इस मुद्दे का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा और मोर्चा खुला रहेगा।
महानगर अध्यक्ष गोविंद नारायण एवं महामंत्री अनिल गौतम ने कहा कि यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर शीघ्र बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक से पूर्व महानगर कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर उनका सम्मान किया गया और संगठन की जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वंशी तिवारी, राघव भारद्वाज, महंत प्रिया शरण, विवेक गौतम, आचार्य ब्रह्मदेव द्विवेदी, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष हरिवर्षा कौशल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और यूजीसी रोलबैक की मांग को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया।