जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना सेल का किया निरीक्षण, जनपदवासियों से स्व-गणना एवं जनगणना में सहभागिता की अपील की

Uncategorized

News4live मथुरा। आज जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा जनपद में स्थापित जनगणना सेल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना से संबंधित तैयारियों, संचालित कार्यों, कार्मिकों की तैनाती एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किए जाएं।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए जनपदवासियों से आगामी जनगणना में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश एवं समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। स्व-गणना के माध्यम से जनपदवासी निर्धारित अवधि 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 में स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 40 अधिसूचित प्रश्नों की जानकारी भर सकते हैं। इसके पश्चात उन्हें एक स्व गणना आई डी प्राप्त होगी, जब प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के मध्य जनसंख्या गणना हतु घर-घर आयेंगे तो उन्हें यह आई डी उपलब्ध कराना होगा। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्वयं की स्व गणना भी की गई।

जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया कि वे जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया एवं इसके आधिकारिक पोर्टल के संबंध में जनसामान्य को जागरूक करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बन सकें।

इस दौरान पंकज कुमार वर्मा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी, वेद प्रिय आर्य अपर जिलाधिकारी न्यायिक, डॉ अमरेश कुमार अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अनुपम कुमार मिश्र नगर मजिस्ट्रेट, जिला प्रभारी मथुरा मृगेंद बहादुर सिंह, सह जिला प्रभारी मथुरा अभिषेक पाण्डेय , जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी, तकनीकी सहायक अंकुर सक्सेना, राम सैनी, आरिफ अली एवं ऋषभ कुमार उपस्थित रहे।

Spread the love