ब्रजरज उत्सव में युवा कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां, सांसद हेमामालिनी ने बढ़ाया उत्साह

बृज दर्शन

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्रज रज उत्सव 2022 के दसवें दिन प्रसिद्ध भजन गायिका मैथिली ठाकुर के ग्रुप ने अपनी भजनमालाओं से दर्शकों को भाव विभोर किया। एक के बाद एक कई भजन उन्होंने सुनाए। इससे पहले युवा कलाकारों के यज्ञाकार बैंड ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों में जोश भर दिया।

गुरुवार को रेलवे ग्राउंड धौलीप्याऊ में आयोजित ब्रज रज उत्सव में दोपहर से ब्रज के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। ब्रज भाषा में कार्यक्रम का संचालन कर रहे डा खेमचंद यदुवंशी ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। ब्रज की प्राचीन गायकी ख़याल लावनी की प्रस्तुति सम्पत लाल जोशी के निर्देशन में प्रस्तुति की गई जिसमें कलगी पक्ष के रईस खान,अनवर अहमद, प्रेमपाल सिंह चौहान, माणिक चन्द, सुदामा सिंह तथा तुर्रा पक्ष के हर प्रसाद राजपूत, चुन्नू चमचम, वीरेन्द्र कश्यप आई, कमलेश गुरु, प्रेम शंकर बच्चन की गायकी के साथ चंग की खनक सुन कर सभी झूम उठे। इसके बाद यज्ञाकार ग्रुप में अपनी प्रस्तुति दी। तेज बीट वाले एक के बाद एक कई गाने इस ग्रुप ने प्रस्तुत किए। इसके बाद मैथिली ठाकुर मंच पर आई तो सांसद हेमा मालिनी मंच पर पहुंची और युवा कलाकारों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। मैथिली ठाकुर ने ‘राधे राधे गाने को जी चाहता है’, ‘काली कमली वाला मेरा यार है’, ‘श्याम चंदा है श्यामा चकोरी’ आदि भजन सुनाकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया इसके बाद मैथिली ठाकुर ने नुसरत फतेह अली खान की कव्वालियों ‘सोचता हूं कि वह कितने मासूम थे, और ‘नित खैर मंगदा’ आदि का मिक्सअप गाया। साथ ही याद पिया की आने लगी गीत भी सुनाया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा और जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा आदि मौजूद थे।

Spread the love