प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि को नमो एप पर रहना होगा सक्रिय-अशोक कटारिया

मथुरा समाचार

मथुरा। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा नमो एप के जरिये कार्यकर्ताओं की नई फौज तैयार करेगी। पार्टी ने विकसित भारत संकल्प अभियान के जरिये नए मतदाताओं से लेकर मोदी-योगी सरकार की योजना के प्रत्येक लाभार्थी को विकसित भारत एम्बेसडर बनाने की तैयारी शुरू की है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा 98 संगठनात्मक जिलों को दो-दो लाख विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का लक्ष्य दिया गया है। पुष्पांजलि उपवन स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर रविवार को नमो एप को लेकर आयोजित कार्यशाला में एप के जरिये लोकसभा चुनाव की तैयारियां पर मंथन हुआ। कार्यशाला में मथुरा महानगर के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी व विभिन्न अभियानों के संयोजक सहित सभी मोर्चा पदाधिकारी शामिल हुए।
मुख्य वक्ता भाजपा महानगर प्रभारी एमएलसी अशोक कटारिया ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में लाभार्थियों को विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का लक्ष्य रखा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने इस एप पर पंजीकरण नहीं किया है। प्रत्येक कार्यकर्ता को नमो एप डाउनलोड करना अनिवार्य है। प्रत्येक पदाधिकारी व बूथ स्तर के कार्यकर्ता जनता के साथ सेल्फी लेकर उन्हें विकसित भारत एम्बेसडर के रूप में नामांकित करें। इसकी जिम्मेदारी युवा मोर्चा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यक मोर्चा को भी दी गई है। कार्यकर्ता वार्ड और गांव गांव में इसके लिए शिविर लगाएं। उन्होंने कहा कि हाल ही में तीन राज्यों में भाजपा की सरकार बनने से यूपी में अच्छा माहौल बना है। इसे बनाए रखते हुए चुनावी तैयारी शुरू करें। उन्होंने वोटर चेतना अभियान के तहत बने नए मतदाताओं से संपर्क व समन्वय कर उन्हें पार्टी से जोड़ने का मंत्र दिया।
महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला स्तर पर महानगर के महामंत्री और पदाधिकारी अलग-अलग मंडलों के लिए अभियान के संयोजक बनाए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी टीमें बनाई जाएंगी। नमो एप पर प्रस्तुतीकरण भाजपा के क्षेत्रीय सह संयोजक सोशल मीडिया राघव अग्रवाल द्वारा दिया गया। महानगर उपाध्यक्ष श्याम सिंघल ने बताया कि भाजपा नमो एप के जरिये माइक्रो डोनेशन अभियान भी चलाएगी। इसमें लोगों से स्वेच्छा से पार्टी कोष में राशि दान कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त 100 डे चैलेंज अभियान चलाया जाएगा। इसमें सफल रहने वाले कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत करने के साथ पार्टी में विशेष मान्यता भी दी जाएगी।
कार्यशाला में महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी, राजवीर सिंह, महानगर उपाध्यक्ष चंद्रपाल कुंतल, संजय शर्मा, सुल्तान तरकर, कमला प्रसाद, सुरभि अग्रवाल, कुंजबिहारी चतुर्वेदी, महानगर प्रवक्ता दीपांकर भाटिया, राजेंद्र पटेल, लोकेश तायल, विनीत शर्मा, पार्षद तरुण सैनी, राकेश भाटिया, धर्मेश तिवारी, अनीश वर्मा, कौशल बंसल, सुरेंद्र सिंह, दीपक गोला, नितिन शर्मा, दुर्गेश शर्मा, अनुराग चतुर्वेदी, प्रिंस गौड़, राहुल रजावत, लवांशु वर्मा, श्याम शर्मा, शुभम ठाकुर, मोहन भारद्वाज, निशांत अग्रवाल, आशीष शर्मा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन महानगर महामंत्री सुनील चतुर्वेदी ने किया।

Spread the love