मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज के 50 साधु-संतों को भेजे होली के उपहार

बृज दर्शन

मथुरा। पिछले त्योहारों की तरह इस बार होली पर भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज के प्रमुख 50 साधु-संतों को उपहार भेजे हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने सीएम की ओर से साधु संतों को ये उपहार भेंट किए।
साधु संतों के साथ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ की नजदीकी कोई नयी बात नहीं है। योगी आदित्यनाथ स्वयं महंत हैं, इसलिए यह स्वाभाविक भी है। यही कारण है कि होली-दीपावली जैसे बड़े त्यौहारों पर मुख्यमंत्री ब्रज के साधु संतों के लिए उपहार भेजना नहीं भूलते। इस बार भी होली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ब्रज के 50 प्रमुख साधु संतों के लिए उपहार भेजे हैं।

मंगलवार को सीएम की ओर से ये उपहार उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने सीईओ नगेंद्र प्रताप और डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा के साथ जाकर साधु संतों को भेंट किए। इनमें गोकुल रमणरेती के गुरु शरणानंद महाराज, वृंदावन के गोविंदानंद तीर्थ और उमा पीठाधीश्वर रामदेवानंद सरस्वती आदि शामिल हैं।

Spread the love