बैलेंस समाप्त होने पर स्मार्ट मीटर में अवकाश के दिन बिजली रहेगी चालू

Uncategorized


मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने स्मार्ट मीटर के बारे में दी जानकारी
मथुरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड बिल रिचार्ज में निर्धारित विद्युत दरों पर दो प्रतिशत की छूट उपलब्ध है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को कम बैलेंस, समाप्त बैलेंस, भुगतान की जानकारी नियमित एसएमएस अलर्ट के माध्यम से दी जाती है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले 30 दिन तक एवं अन्य स्मार्ट मीटर में बैलेंस समाप्त होने पर तीन दिन बाद तक आपूर्ति जारी रहेगी। आवश्यक है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ता हमेशा अपना बैलेंस पॉजीटिव रखें, इसे शून्य अथवा निगेटिव न होने दें। शाम छह बजे से सुबह आठ बजे तक एवं रविवार और राजपत्रित अवकाशों की स्थिति में भी बैलेंस समाप्त होने के बाद भी आपूर्ति जारी रहेगी। पुराने पोस्टपेड बकाए का भुगतान उपभोक्ता की सुविधा अनुसार किश्तों में (10 प्रतिशत से 25 प्रतिशत) प्रत्येक रिचार्ज में स्वतः समायोजित होगा। उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के माध्यम से माहवार, प्रतिदिन व हर घंटे रियल टाइम बैलेंस एवं खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट एप और www.uppcl.org या अधिकृत प्लेटफॉर्म जैसे पेटीएम गूगल प्ले आदि के अलावा एवं सीएससी (जन सेवा केन्द्र) अथवा विभागीय कैश काउन्टर के माध्यम से भी रिचार्ज करा सकते हैं। स्मार्ट मीटर आईएस प्रमाणित हैं एवं नवीनतम संचार तकनीक से लैस हैं एवं सेन्ट्रल इलेक्ट्रिीसिटी अथॉरिटी द्वारा प्रीपेड स्मार्ट मीटर हेतु वैधानिक अधिदेशित हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगवाने हेतु अलग से नेट मीटर लगाने की आवश्यकता नहीं होती है।

Spread the love