संस्कृति विवि में पुस्तकालय विज्ञान के जनक की जयंती मनाई, किया याद

Uncategorized

चित्र परिचयः संस्कृति विवि में पुस्तकालय विज्ञान के जनक एवं पद्मश्री प्रोफेसर एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष एवं पुस्तकालय विशेषज्ञ डॉ. बृजेश कुमार वर्मा मां सरस्वती और प्रो.एसआर रंगनाथन के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए।


मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर केंद्रीय पुस्तकालय एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पुस्तकालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तकालय विज्ञान के जनक एवं पद्मश्री प्रोफेसर एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती मनाई गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष एवं पुस्तकालय विशेषज्ञ डॉ. बृजेश कुमार वर्मा ने सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं पुस्तकालय कर्मचारियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, आधुनिक एवं डिजिटल संसाधनों, शोध-सहयोग तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास में पुस्तकालयों के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।
इस वर्ष राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस की विषय-वस्तु “पुस्तकालय: लोगों को जोड़ना, ज्ञान को संरक्षित करना और भविष्य को सशक्त बनाना” रही। कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालयों को आधुनिक, डिजिटल, विद्यार्थी-केंद्रित एवं शोधोन्मुख बनाने तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण सूचना एवं ज्ञान संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इन्फ्लिबनेट केंद्र द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे अभियान ‘पुस्तकालय से प्रेम करें और ज्ञान पाएं’ के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पुस्तकालयों की ज्ञान-संरक्षण, शिक्षा, शोध, नवाचार तथा समाज को ज्ञान-आधारित एवं समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों एवं पुस्तकालय कर्मियों ने पुस्तकालयों के निरंतर विकास, ज्ञान के संरक्षण एवं प्रसार तथा शिक्षा और शोध को प्रभावी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम. बी. चेट्टी, पुस्तकालय सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. कंचन कुमार सिंह, शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. रेनू गुप्ता, प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता डॉ. गंगाधर हुगर, डॉ. फहीम अख्तर, सहायक प्रोफेसर, तथा डॉ. नीलम लोधी, सह-आचार्य सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की पुस्तकालय टीम की ओर से उप-पुस्तकालयाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, आयुर्वेद पुस्तकालयाध्यक्ष राकेश कुमार, नर्सिंग एवं सोमास पुस्तकालय के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष शिवम पचौरी, फार्मेसी पुस्तकालय के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष मेघन श्याम, पुस्तकालय सहायक उत्कर्ष दुबे एवंउत्कर्ष गुप्ता सहित अन्य पुस्तकालय कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।

Spread the love