‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर कोर ग्रुप की बैठक में किया मंथन
मथुरा। ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग तथा ब्रज के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्वच्छ ब्रज का संदेश देने वाले फ्लेक्स और होर्डिंग लगाने, कपड़े के थैलों का वितरण, पॉलीथिन पर प्रभावी रोक, बॉटल-पॉलीबैग डिस्पोजल मशीनों की स्थापना, डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा बाजारों में दुकानदारों की सहभागिता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि यह अभियान केवल मथुरा-वृंदावन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ब्रज के प्रत्येक तीर्थस्थल और ग्रामीण अंचल तक पहुंचेगा। स्वच्छ ब्रज यह प्रयास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। जब समाज, व्यापारी, स्वयंसेवी संस्थाएं और आम नागरिक कंधे से कंधा मिलाकर आगे आएंगे, तभी ब्रज की स्वच्छ और सुंदर तस्वीर पूरे देश के सामने आएगी।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता से ग्रामीण अंचल के विभिन्न स्थानों पर नियमित स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर जनजागरूकता बढ़ाने को कहा।
इस दौरान बैठक में विशेष रूप से मथुरा वृंदावन क्षेत्र की सब्जी मंडियों, ठेला-खोमचा क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर फैली गंदगी और पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग को लेकर चर्चा की गई। लोगों को पॉलीथिन का विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभिक चरण में कपड़े के थैलों के वितरण की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान उद्यमी राजेश बजाज ने 500 कपड़े के थैले उपलब्ध कराने तथा साड़ी उद्योग से जुड़े उद्यमियों को भी इस अभियान से जोड़ने का आश्वासन दिया।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मी नागप्पन ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर बॉटल-पॉलीबैग डिस्पोजल मशीनें स्थापित करने तथा प्लास्टिक की बोतलें जमा कराने वाले लोगों को प्रोत्साहन स्वरूप कपड़े के थैले उपलब्ध कराने की योजना की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में सामाजिक सहयोग से स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स, होर्डिंग और बैनर लगाने पर भी सहमति बनी। बताया गया कि कोई भी प्रतिष्ठान अपने नाम से स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स और होर्डिंग लगवा सकता है। नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने इस कार्य में नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी विचार किया गया कि प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान तथा उसके सामने के क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं निभाए। साथ ही, यात्रा करने वाले लोग सड़क पर कचरा न फेंकें, इसके लिए रोडवेज सहित विभिन्न वाहन एसोसिएशन के माध्यम से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एडीएम (वित्त) पंकज कुमार, एसीईओ राजीव पाण्डेय, पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, उद्यमी दीपक गोयल, राजेश अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, विपिन सिंघल तथा हार्टफुलनेस संस्था के निशांत शर्मा, विपुल अग्रवाल, मोहित और शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सुझाव दिए।