वोटर चेतना अभियान के लिए बूथों पर पहुंचे भाजपा के दिग्गज, कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बढ़वाए वोट

टॉप न्यूज़

मथुरा। भाजपा द्वारा मथुरा महानगर में वोटर चेतना विशेष अभियान के अंतर्गत भाजपा नेता बूथों पर पहुंचे। महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शक्ति केंद्रों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। शक्ति केंद्र के बूथों पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क कर वोटर लिस्ट का अवलोकन कार्य किया।

अभियान की समीक्षा के लिए सोमवार को वृंदावन रोड स्थित काली देवी मंदिर पर महानगर पदाधिकारियों की बैठक महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष ने पदाधिकारीयों और कार्यकर्ताओं को अवगत कराया कि चुनाव आयोग ने नए मतदाता बनाने के लिए 9 दिसंबर का समय निर्धारित किया है। नए वोटर का नाम लिस्ट में जुड़वाने, संशोधन और परिवर्तन का कार्य 9 दिसंबर तक किया जाना है। उन्होंने कहा कि वोटर चेतना अभियान के तहत नये मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़ा गया, क्योंकि एक-एक वोट उपयोगी है। जिनकी 18 वर्ष की आयु हो चुकी है, उनकी वोट बनवाई गयीं तो विवाह होने के बाद स्थान परिवर्तन होने वालों व अन्य जगह निवास करने वालों आदि के वोट हटवाये गए। इसके अलावा जिनकी वोट गलत बनी हुई है या किसी की दो जगह वोट बनी है तो उनकी वोट भी कटवाई गयीं हैं।

भाजपा मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया ने बताया कि शनिवार और रविवार को महानगर के सभी शक्ति केद्रों पर यह अभियान चलाया गया जिसकी आज महानगर अध्यक्ष द्वारा समीक्षा की गई। 25 नवंबर से 3 दिसंबर तक कार्यकर्ता पुनः घर घर जनसम्पर्क कर नवीन वोटर सूची की जांच करेंगे और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाएंगे।

उपस्थिति
बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री नगेंद्र सिकरवार, गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, महानगर महामंत्री सुनील चतुर्वेदी, राजवीर सिंह, राजू यादव, प्रदीप गोस्वामी, महानगर उपाध्यक्ष चंद्रपाल कुंतल, हेमंत अग्रवाल, अवधेश उपाध्याय, गजेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक करिंदा सिंह, चेतन स्वरूप पाराशर, पंकज शर्मा, सुरभि अग्रवाल, धर्मेश सोनकर, मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा, विक्रम मुदगल, श्याम सुंदर उपाध्याय, अनीश वर्मा, लोकेश तयाल, विष्णु सैनी, अनुराग चतुर्वेदी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love