भाजपा के दो पार्षद निर्विरोध निर्वाचित, 2 कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल

मथुरा समाचार

नगर निकाय में भाजपा की पहली जीत

वार्ड सं 59 से पुष्पा देवी और वार्ड सं 60 से नीरज शर्मा निर्विरोध निर्वाचित

कांग्रेस के पूर्व सभासद ठाकुर महाराज सिंह भाजपा में शामिल

मथुरा। मथुरा में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान नगर निगम के दो वार्डों में भाजपा के उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। जनपद में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापस लेने की तारीख के बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ गया है। भाजपा के नगर निगम चुनाव में दो पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष और महापौर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल ने निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि यह समन्वय, सामंजस्य और सहयोग का यह अप्रतिम उदाहरण है। इससे पता चलता है कि भाजपा की नीतियों के प्रति जनता का निरंतर विश्वास बढ़ा है और हम सब मिलकर स्थानीय चुनाव में बड़े अंतर से जीत हांसिल करके विकास के संकल्प को पूरा करेंगे।

महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी ने बताया कि गुरुवार को नाम वापसी के अंतिम दिन वार्ड सं 59 महोली से पुष्पा देवी और वार्ड सं 60 जगन्नाथपुरी से नीरज शर्मा भाजपा से निर्विरोध पार्षद चुने गये हैं। यह भाजपा के सुशासन तथा विकास की नीतियों की बड़ी जीत है।

भाजपा मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सभासद ठाकुर महाराज सिंह और कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनोज सक्सेना भाजपा में शामिल हुए हैं। महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Spread the love