जिसने देश को लूटा है उसे लौटाना ही पड़ेगा – संतोष सिंह

देश

देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए लड़ रहे प्रधानमंत्री मोदी

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का विपक्ष पर तीखा प्रहार, कहा भ्रष्टाचार के भाईचारे का जवाव देगी जनता

मथुरा। कल देश की जनता ने दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के भाईचारे को दिखा। देश ने देखा कि भ्रष्टाचारी किस प्रकार अपने भ्रष्टाचार को उचित ठहरने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं भ्रष्टाचार हटाओ, मगर इंडी गठबंधन के नेता कहते हैं भ्रष्टाचारी को बचाओ। विपक्ष के गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री मोदी पर कितना भी हमला कर लें, पीएम मोदी रुकने वाले नहीं है। यह बातें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बृज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह ने सोमवार को मथुरा महानगर मे हुई भाजपा की प्रेस वार्ता में कहीं। कल दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन के द्वारा एक सभा में प्रधानमंत्री मोदी पर अनर्गल आरोप लगाए गए थे, जिस पर तीखा प्रहार करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता ही उनका परिवार है। वह अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा, यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने इंडी गठबंधन को भ्रष्टाचारियों की बारात बताते हुए कहा कि जहां यह सब देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचार पर चर्चा ना हो।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी कहती है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के समर्थन में रैली हो रही है। कांग्रेस कहती है किसी व्यक्ति के समर्थन में नहीं बल्कि पूरे गठबंधन की रैली है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में इलू इलू कर रही हैं और पंजाब में हम आपके हैं कौन हो रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने साथ लड़ने से इनकार कर दिया है। बिहार में राजद ने और कर्नाटक में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार पहले ही घोषित कर दिए। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी छोड़कर सांसद विधायक जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कोई भाव नहीं दे रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि इस घमंडिया गठबंधन का काम है जितना हो सके लूटो, हर दिन नया झूठ बोलो, अपने ही देश के प्रधानमंत्री को गाली दो, देश को बदनाम करो, हिंदू धर्म को गाली दो, जमकर घोटाले करो और जांच एजेंसी जब नोटिस दें तो इग्नोर कर दो फिर कोर्ट पहुंचकर जब कोर्ट फटकार लगाए तो विक्टिम कार्ड खेलो और देश के लोकतंत्र को खतरा बताओ। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है, वह इन भ्रष्टाचारियों से गुमराह नहीं होगी। बड़े बहुमत के साथ फिर एक बार कमल खिलेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा के मथुरा लोकसभा चुनाव प्रभारी श्याम भदौरिया, लोकसभा संयोजक डॉ देवेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा लोकसभा सह संयोजक मुकेश खंडेलवाल, विधानसभा संयोजक राजेश गुप्ता, सियाराम शर्मा, योगेश द्विवेदी, लोकसभा विस्तारक सत्यम योगी, जिला मीडिया प्रभारी नवीन चौधरी, सह मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया, सोशल मीडिया संयोजक शुभम ठाकुर आदि मौजूद रहे।

Spread the love