राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया श्री दानघाटी मंदिर दर्शन एवं गोवर्धन परिक्रमा

मथुरा । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने ब्रज प्रवास के तीसरे दिन शनिवार को गोवर्धन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री दानघाटी मंदिर पहुंची। श्री दानघाटी मंदिर में राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री / राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह , विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह एवं श्री दानघाटी मंदिर के रिसीवर ललित शर्मा द्वारा किया गया।

राष्ट्रपति ने श्री दानघाटी मंदिर में श्री राधा-कृष्ण जी के मंदिर के दर्शन किए, जहां पर सीताराम शर्मा द्वारा पूजा अर्चना करवाया गया। सीताराम शर्मा ने राष्ट्रपति को चुनरी भेंट की। राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने निज मंदिर/गर्भ गृह में ठाकुर श्री गिरिराज जी महाराज (पर्वत) पर दूध से अभिषेक किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। निज मंदिर में कुलदीप कौशिक एवं दीप चंद्र पुरोहित द्वारा पूजा एवं आभूषक संपन्न कराया गया। राष्ट्रपति ने निज मंदिर में विधि-विधान से पूजा की तथा अभिषेक करते हुए प्रभु का स्मरण किया। उन्होंने श्री दानघाटी मंदिर की परिक्रमा भी लगाई।

दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पवित्र श्री गोवर्धन पर्वत/ गिरिराज जी पर्वत की परिक्रमा लगाना प्रारंभ किया। गोवर्धन परिक्रमा के प्रारम्भ में गोवर्धन वासियों/आस-पास के लोगों ने राष्ट्रपति का तालियों से स्वागत किया, जिस पर राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।
राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने पैदल एवं गोल्फ कार्ट के माध्यम से पवित्र गोवर्धन पर्वत की लगभग 21 किलोमीटर की परिक्रमा लगाई, जिसमें राजस्थान राज्य का भी क्षेत्र आता है। परिक्रमा में राष्ट्रपति का स्वागत विभिन्न स्थलों पर किया गया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थित स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा झंडा प्रदर्शित किया गया।

गोवर्धन बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित रमणरेती आश्रम के महंत श्री हरिओम बाबा द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल का स्वागत किया गया। स्वागत में दौरान आश्रम में बच्चों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया तथा शंखनाद किया गया।
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह पर विभिन्न टोलियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा कला का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। ढोल नगाड़ों की गूंज सम्पूर्ण परिक्रमा में सुनाई देती रही, जो एक उत्सव के प्रतीक को सिद्ध करता है। राष्ट्रपति ने विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के कलाकारों के साथ छायाचित्र कराई, जिससे कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आन्यौर ग्राम पर पैदल परिक्रमा लगाई। राष्ट्रपति ने आन्यौर गाँव में उपस्थित लोगों से हाथ जोड़कर अभिवादन किया तथा मार्ग पर उपस्थित स्थानीय बच्चों को चॉकलेट वितरण किया। राष्ट्रपति से चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
राष्ट्रपति एवं राज्यपाल का गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित राजस्थान राज्य के बॉर्डर पर राजस्थान सरकार द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति ने गोवर्धन की छोटी परिक्रमा मार्ग स्थित मानसी गंगा के दर्शन किए तथा मानसी गंगा में विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने मानसी गंगा पर आरती की तथा नारियल व पुष्प अर्पण किया।
राष्ट्रपति ने छोटी परिक्रमा मार्ग स्थित मानसी गंगा मुकुट मुखारबिंद मंदिर के दर्शन किए। मंदिर रिसीवर कपिल चतुर्वेदी द्वारा पुष्प गुच्छ भेट कर राष्ट्रपति का स्वागत किया गया तथा मानसी गंगा एवं मुकुट मुखारबिंद मंदिर के पौराणिक महत्व के बारे में बताया गया। माथुर चतुर्वेदी समाज की आदि गुरु गद्दी से श्रीजी पीठाचार्य मनीष बाबा द्वारा राष्ट्रपत को गिरिराज बाबा का पूजन एवं अभिषेक कराया गया। पूजा के दौरान मंदिर सेवाधिकारी, देवेन्द्र शर्मा एवं कृष्ण गोपाल उपस्थित रहे।
आज दिनांक 21 मार्च 2026 को विश्व वानिकी दिवस (International Day of Forests) के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में बरगद का पौधारोपण किया गया। गोरवा वन ब्लॉक में उपस्थित अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आगरा जोन आगरा भीमसेन द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल का स्वागत अभिवादन किया गया तथा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आगरा जोन आगरा भीमसेन एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग मथुरा वेंकटा श्रीकर पटेल द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। समस्त भारतीय वन सेवा अधिकारियों की तरफ से राष्ट्रपति का विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण में प्रतिभाग करने पर आभार व्यक्त किया गया।

गोवर्धन परिक्रमा / गिरिराज जी की परिक्रमा का अंत श्री दानघाटी मंदिर पर हुआ। श्री दानघाटी मंदिर पर गोवर्धन परिक्रमा पूर्ण होने के पश्चात राष्ट्रपति को मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं प्रभारी मंत्री / राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह ने मनमोहक/आकर्षक स्मृति चिन्ह (श्री राधा कृष्ण जी की मूर्ति) भेंट किया।
गोवर्धन की पवित्र परिक्रमा एवं दर्शन कार्यक्रम पूर्ण होने के पश्चात राष्ट्रपति ने हैलीकॉप्टर के माध्यम से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। हेलीपैड स्थल पर महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, लोकसभा सांसद हेमा मालिनी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार उपस्थित रहे।

12 thoughts on “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए श्री दानघाटी मंदिर दर्शन और लगाई गोवर्धन परिक्रमा”
Comments are closed.