नवरात्र: मां चंद्रघंटा ने दिए भक्तों को दर्शन, आसमान में दिखाई अद्भुत छवि

बृज दर्शन

मथुरा। कहते हैं कि जब मन में विश्वास और श्रद्धा हो तो भक्त के मन की भावना किसी न किसी तरह साकार हो ही जाते हैं। इस नवरात्र पर भी अद्भुत चमत्कार भक्तों को देखने को मिला। तीसरे नवरात्र पर शुक्रवार शाम को आसमान पर चंद्रमा की ऐसी अद्भुत छवि देखने को मिली, जैसे मां चंद्रघंटा ने स्वयं भक्तों को साक्षात दर्शन दिए हों। जिस किसी ने भी आसमान पर ऐसा नजारा देखा तो मानो वह धन्य हो गया।
शुक्रवार को तीसरे नवरात्र पर देवी चंद्रघंटा का लोगों ने व्रत किया। शाम को करीब साढ़े सात बजे अचानक आसमान में चंद्रमा और उसके नीचे एक तारा चमकने लगा। इसकी दिशा पश्चिम थी और चमक भी बहुत ज्यादा थी। चंद्रमा और उसके नीचे तारे पर लोगों का ध्यान इसलिए भी गया क्योंकि चंद्रमा और तारे की आकृति बिल्कुल वैसी ही थी, जैसी देवी चंद्रघंटा के माथे पर चंद्रमा रूपी तिलक होता है। लगा जैसे मां चंद्रघंटा ने स्वयं भक्तों को दर्शन दिए हों। यह मंजर देखकर लोगों में कौतूहल उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते इस नजारे को देखने के लिए लोगों में होड़ मच गई। कुछ घरों की छतों पर चढ़ गए तो कुछ खुले स्थानों से आसमान की ओर निहारने लगे।
विज्ञानियों के लिए यह घटना खगोलीय घटना हो सकती है, लेकिन देवी मां के भक्तों के यह साक्षात दर्शन ही थे। शनिवार को भी इस घटना की चर्चा होती रही।

Spread the love