मणिपुर समस्या कांग्रेस की देन, मोदी जी करेंगे निस्तारण – सुनील भराला

ब्रेकिंग न्यूज़

वृंदावन। मणिपुर की समस्या कांग्रेस की देन है, जिसका समाधान अनेकों वर्षो तक शासन करने के उपरांत भी कांग्रेस सरकार द्वारा करने का प्रयास भी नहीं किया गया। वास्तव में वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ही एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जो मणिपुर समस्या का स्थायी समाधान करने की क्षमता और इच्छा शक्ति रखते है और जल्दी ही करेंगे भी। उक्त विचार उत्तर प्रदेश श्रम आयोग के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री सुनील भराला ने भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष मधु शर्मा के आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने काशी विश्वनाथ स्थित ज्ञानवापी और मथुरा जन्मभूमि से सटी मस्जिद के मामले पर पत्रकारों द्वारा सवाल किए जाने पर कहा कि ये मुस्लिम आक्रांताओं द्वारा जबरन किया गया नाजायज कार्य था, जिसे अब मुस्लिम भाइयों द्वारा ही पहल कर सुधार लेना चाहिए, वरना न्यायालय द्वारा देर सवेर फैसला हिंदुओं के पक्ष में आ ही जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को तूल देकर विवादित बनाने वाले ही वास्तव में आपसी सामंजस्य एवं सौहार्द को बिगाड़ने पर तुले हुए हैं। इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा जनपद की जिलाध्यक्ष मधु शर्मा द्वारा पद से इस्तीफ़ा दिए जाने के सवाल पर कहा कि पार्टी अपने मेहनती एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर ही नहीं सकती। उन्होंने मधु शर्मा को पार्टी का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि उनके द्वारा की गई मेहनत से पार्टी को मिली सफलताओं एवं कार्यकर्ताओं के हित साधने हेतु अपने पद को बिना लोभ लालच के छोड़ देने मात्र से ही उनके त्याग, पार्टी एवं कार्यकर्ताओं के प्रति निष्ठा साबित होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी मधु शर्मा की अनदेखी नहीं करेगी और कोई बड़ी जिम्मेदारी प्रदान करेंगी, थोड़ा वक्त जरूर लग सकता है। उन्होंने आगामी 2024 लोकसभा चुनावों में पार्टी को 350 प्लस सीटें जीतने का भी दावा किया। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा के साथ वृंदावन मीडिया क्लब के अध्यक्ष देव द्विवेदी ने उनका उत्तरीय उढ़ा कर एवं ठाकुर श्री बांके बिहारी जी का तैलीय चित्र प्रदान कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पाठक एवं उनकी टीम के साथ ही वृंदावन मीडिया क्लब के अन्य पदाधिकारीगण तथा देवाशीष द्विवेदी सहित अन्य भी उपस्थित रहे।

Spread the love