कान्हा की नगरी में अभिलिप्सा के सुरों पर हर हर शंभू की धूम

ब्रेकिंग न्यूज़

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित हो रहे ब्रज रज उत्सव 2022 के तीसरे दिन दर्शक तब झूम उठे, जब प्रसिद्ध भजन गायिका अभिलिप्सा पांडा ने अपना प्रसिद्ध भजन हर हर शंभू, शिव महादेव गाया। कार्यक्रम में अन्य कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।


रविवार को धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में ब्रजरज उत्सव में वृंदावन की कान्हा एकेडमी के कलाकारों ने लोक संगीत और लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद दूसरी प्रस्तुति मुकेश कौशिक और मयूर कौशिक ने दी। इन्होंने अपनी शास्त्रीय संगीत की रचना धमार आदि प्रस्तुत की। इन्होंने अपनी रचना- कामर खोय गयी रे ओ मैया, गाय चरावत जात वृन्दावन….सुनाई। इसके बाद हरदोई से आए शुक्ला बंधुओं ने गिटार की जुगलबंदी के साथ अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद मंच पर पहुंची अभिलिप्सा पांडा को देखने को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। मंच पर आने के बाद कार्यक्रम के प्रायोजकों ने अभिलिप्सा पांडा का स्वागत किया। इसके बाद राधे राधे और जय कन्हैयालाल की जयकार के साथ अपना संबोधन दिया। सांसद हेमा मालिनी मंच पर पहुंची, उन्होंने अभीलिप्सा पांडे को बुके भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में हेमा मालिनी ने कहा कि हमने पिछले वर्ष वायदा किया था कि वर्ष 2022 में भी ब्रजरज उत्सव मनाया जाएगा। यह वायदा ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने पूरा किया है।
विधायक पूरन प्रकाश ने मंच पर कहा के ब्रजरज उत्सव में मुख्यमंत्री जी आ रहे हैं। 2 दिन बाद वह हमें बहुत कुछ तोहफा देकर जाएंगे। अपनी सांसद हेमा मालिनी के हम आभारी हैं कि उन्होंने ब्रज का विकास कराया है। यहां ब्रज संस्कृति के तमाम कार्यक्रम कराए हैं। इसके बाद अभिलिप्सा ने लोकप्रिय गीत- हर हर शंभू शिव महादेव शंभू गाया तो दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम में उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ नागेंद्र प्रताप, डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।

Spread the love