डीएम ने छाता-महावन के एसडीएम बदले, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर तीन मजिस्ट्रेट, 27 कर्मचारियों के पटल बदले

मथुरा समाचार

मथुरा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जनहित और शासकीय कार्यहित में कई अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थान परिवर्तित किए हैं।
नवीन आदेशों के तहत जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे एवं अतिरिक्त प्रभारी मंदिर परिसर मजिस्ट्रेट को विशेष भूमि अध्याप्ति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। डिप्टी कलेक्टर सिद्धार्थ चौधरी को प्रभारी अधिकारी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायत, डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को प्रभारी अधिकारी मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष और डिप्टी कलेक्टर कमलेश कुमार गोयल को प्रभारी अधिकारी संयुक्त कार्यालय-प्रभारी अधिकारी राज्य लोक सूचना बनाया गया है। इसके अतिरिक्त उक्त तीनों डिप्टी कलेक्टर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद की ड्यूटी लगने पर जिम्मेदारी संभालनी होगी। डीएम द्वारा समय समय पर सौंपे गए अन्य कार्य भी करने होंगे। उपजिलाधिकारी न्यायिक महावन श्वेता सिंह को उपजिलाधिकारी छाता, उपजिलाधिकारी न्यायिक मांट निकेत वर्मा को उपजिलाधिकारी महावन बनाया गया है। इसके अतिरिक्त 27 कर्मचारियों के पटल भी जिलाधिकारी ने परिवर्तित किए हैं।

Spread the love