“परंपरागत” महारास और मयूर नृत्य के बाद इंडियन ओशियन बैंड ने स्टाइल दिखाया “डिफरेंट”

ब्रेकिंग न्यूज़

मथुरा। ब्रज रज उत्सव 2022 के तीसरे दिन फिर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ब्रज के कलाकारों ने एक बार कभी मयूर नृत्य ने मन मोहा तो कभी ब्रज की होली आकर्षण का केंद्र बनी। देर शाम इंडियन ओशियन बैंड के कलाकारों के स्वरों के बीच लोग झूम उठे।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को ब्रज संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली। पहली प्रस्तुति राजेश शर्मा की टीम ने मयूर नृत्य के रूप में प्रस्तुत की। चारों धामों से निराला ब्रज धाम, आयौ रसिया मोर बन आयौ रसिया, आज होली खेलन आए हैं नटवर नंद किशोर आदि प्रस्तुतियों से पंडाल स्थल को ब्रज संस्कृति के रंग में रंग दिया।

इसके बाद स्वांग नौटंकी की प्रस्तुति हुई। ब्रज की धरोहर स्वांग नौटंकी भक्त पूरनमल का मंचन हरिओम शर्मा और उनके साथियों ने प्रस्तुत किया। इसके अलावा बीन पार्टी ने अपनी प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोहा। नगाड़े व हारमोनियम व नक्कारे पर शानदार मंचन हुआ।
स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद रात करीब पौन नौ बजे इंडियन ओशियन बैंड के कार्यक्रम प्रारंभ हुए। इंडियन ओशिएन बैंड ने नये तरह के गीत सुनाए, जिनका लोगों ने खूब आनंद उठाया।

कलाकारों के साथ जब दर्शक भी लगे गाने

कलाकारों ने एक के बाद एक प्रस्तुति देते हुए लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कभी तालियों की गड़गड़ाहट तो कभी गीत संगीत के बीच नाचते गाते हुए लोगों का उत्साह देखने को मिला। इंडियन ओशियन बैंड ने तो लोगों को अपने साथ ही गाने में शामिल कर लिया।

Spread the love