घर-घर की दहलीज और चौपाल तक पहुंचें कार्यकर्ता – घनश्याम लोधी

टॉप न्यूज़

भाजपा ने महानगर में किया वोटर चेतना अभियान का शुभारंभ

मथुरा। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत नए मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार से मथुरा महानगर में वोटर चेतना अभियान शुरू कर दिया है। मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े इस विशेष अभियान के अंतर्गत भाजपा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर और 25 नवंबर से 3 दिसंबर तक घर-घर संपर्क के माध्यम से हर दरवाजे पर दस्तक देगी तथा नए मतदाताओं से संपर्क साध कर अपनी चुनावी संभावनाओं को मजबूत करेगी।

मधुवन मंडल के ग्राम छरौरा में महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी के नेतृत्व में वोटर चेतना अभियान का शुभारंभ किया गया। महानगर अध्यक्ष ने नवीन मतदाताओं के फॉर्म 6 भरे और कहा पार्टी की कोशिश है कि जनवरी 2024 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराकर उन्हें मताधिकार दिलाया जाए ताकि नवमतदाता भाजपा से भावनात्मक रिश्ते का जुड़ाव महसूस कर सकें। विवाह या अन्य किसी कारण से बूथ से अन्यत्र जा चुके या दिवंगत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने का कार्य भी पार्टी इस अभियान के माध्यम से करेगी। महानगर अध्यक्ष ने कहा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आज वोटर चेतना अभियान का शुभारंभ हुआ है और महानगर के सभी बूथों पर पार्टी के बूथ अध्यक्षों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) द्वारा मतदाता सूची का अवलोकन, सत्यापन और वाचन किया गया है। अभियान को धारदार बनाने के लिए भाजपा अपने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की ताकत इसमें झोंकेगी। अभियान की सफलता के लिए भाजपा सांसद से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक के सभी जनप्रतिनिधियों और प्रदेश से लेकर मंडल व शक्ति केंद्र स्तर तक के पदाधिकारियों को एक-एक शक्ति केंद्र का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी संबंधित शक्ति केंद्र और उनसे जुड़े बूथों पर अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होंगे।

मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया ने बताया अभियान का महानगर संयोजक हेमंत अग्रवाल और सह संयोजक अनुराग चतुर्वेदी को बनाया गया है। अभियान के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए पार्टी की ओर से 16 अक्टूबर को जिला और 19 अक्टूबर को मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। ग्राम छरौरा में अभियान के दौरान मंडल अध्यक्ष विक्रम मुदगल, मंडल महामंत्री सुनील महोली, मंडल उपाध्यक्ष गोवर्धन सिंह प्रधान, सेक्टर संयोजक मोतीराम, जनरल सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love