ब्रज की स्वच्छता और विरासत का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे इंफ्लुएंसर्स

Uncategorized

ब्रज वैभव अभियान को मिलेगी सोशल मीडिया की ताकत, इंफ्लुएंसर्स के साथ नगर आयुक्त ने की बैठक

गंदगी की फोटो भेजिए, दो घंटे में सफाई का प्रयास करेगा नगर निगम

मथुरा। ब्रज वैभव अभियान को जन-जन से जोड़ने और मथुरा में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नगर निगम अब सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की मदद लेगा। नगर निगम सभागार में शुक्रवार को नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शहर के 50 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ बैठक कर अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
नगर आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया की पहुंच आज बड़ी संख्या में लोगों तक है। इंफ्लुएंसर्स इस माध्यम का सकारात्मक उपयोग करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ब्रज की संस्कृति एवं विरासत को बचाने का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने इंफ्लुएंसर्स से ब्रज वैभव अभियान से जुड़कर नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की। बैठक में उन्होंने इंफ्लुएंसर्स के सुझाव भी लिए।
इस दौरान हार्टफुलनेस फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने ब्रज वैभव अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी।बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक रविवार को अलग-अलग शहरों से वॉलंटियर्स ब्रज क्षेत्र में पहुंचकर स्वच्छता में सहभागिता करते हैं। फाउंडेशन द्वारा ब्रज के 12 कुंडों के सौंदर्यीकरण और वॉटर ट्रीटमेंट तथा गोवर्धन पर्वत पर रेन गन लगाने का कार्य करने जा रहा है।
प्रोजेक्ट मथुरा के विपुल अग्रवाल ने आगामी जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए आयोजित होने वाले भंडारों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ तरीके से संचालित करने के लिए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार करने का सुझाव दिया। इंफ्लुएंसर्स ने ब्रज वैभव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

गंदगी की फोटो भेजकर दर्ज होगी शिकायत, दो घंटे में सफाई का प्रयास
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से किसी स्थान पर गंदगी दिखाई देने पर लोग उसकी फोटो साझा कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम को भेजकर दो घंटे के भीतर सफाई कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मथुरा को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ और बेहतर शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है।

Spread the love