मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मथुरा और फरह के बीच प्रस्तावित रहीमपुर टाउनशिप को आकार देने की दिशा में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अपनी राह तय कर ली है। टाउनशिप के लिए अब तक करीब 65 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। जल्द ही यह आंकड़ा 75 हेक्टेयर तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही प्राधिकरण टाउनशिप को लॉन्च करने की तैयारियां शुरू कर देगा।
वृंदावन के निकट गोविंद विहार और हनुमत विहार योजनाओं को लॉन्च करने के बाद मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण अब दो बड़ी आवासीय योजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। इनमें छाता में प्रस्तावित 117 हेक्टेयर की आवासीय योजना और फरह के निकट 93 हेक्टेयर क्षेत्रफल की रहीमपुर टाउनशिप शामिल हैं।
रहीमपुर टाउनशिप के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। इस प्रक्रिया के तहत अब तक 65 हेक्टेयर का अधिग्रहण किसानों की सहमति से किया जा चुका है जो टाउनशिप के कुल क्षेत्रफल का करीब 70 प्रतिशत है। अब जल्द ही यह आंकड़ा 75 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण तक पहुँचने जा रहा है।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि छाता योजना के साथ रहीमपुर टाउनशिप को भी जल्द लॉन्च करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे पर स्थित यह टाउनशिप रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर है और यह एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली के भी निकट है।
प्रस्तावित टाउनशिप में आवासीय और कॉमर्शियल भूखंडों के साथ सामुदायिक सुविधाओं का भी प्रावधान होगा। यहां होटल, स्कूल, कॉलेज, कम्युनिटी सेंटर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा एलआईजी और एमआईजी आवासीय भूखंडों के साथ फार्म हाउस और वेयरहाउस के लिए भी भूमि का प्रावधान है।
नेशनल हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी और मथुरा-आगरा के बीच इसकी स्थिति को देखते हुए रहीमपुर टाउनशिप को क्षेत्र के सुनियोजित विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण योजना माना जा रहा है।