श्रद्धा के साथ स्वच्छता का संकल्प, गिरिराज तलहटी में किया श्रमदान

Uncategorized

ब्रज वैभव अभियान के तहत ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, स्थानीय निकाय और हार्टफुलनेस स्वयंसेवकों ने चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को दिया स्वच्छता का संदेश

गोवर्धन। ब्रज की पवित्रता और गिरिराज जी की तलहटी को स्वच्छ रखने के संकल्प के साथ रविवार को ब्रज वैभव अभियान के तहत “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान चलाया गया। हार्टफुलनेस के स्वयंसेवकों ने गिरिराज जी की तलहटी और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक हटाया और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, स्थानीय निकाय और हार्टफुलनेस द्वारा आयोजित अभियान का शुभारंभ एसडीएम गोवर्धन सुशील सिंह ने किया। इससे पूर्व गिरिराज जी की तलहटी में विशाल वृक्ष के सान्निध्य में सामूहिक ध्यान किया गया। ध्यान सत्र ने स्वयंसेवकों में सेवा के प्रति ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने परिक्रमा मार्ग और गिरिराज जी की तलहटी में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।स्वयंसेवकों ने एकादशी पर परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं से अपील की कि गिरिराज जी की पावन भूमि पर कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक न फेंकें। उन्होंने कहा कि ब्रज की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें।
अभियान के समापन पर एसडीएम सुशील सिंह ने गोवर्धन में सेवा करने पहुंचे सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से चलने वाले ऐसे अभियान ब्रज की स्वच्छता के साथ-साथ इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘गिरिराज की तलहटी को गंदा करना आस्था के विरुद्ध’ है।


हार्टफुलनेस के समन्वयक निशान्त शर्मा ने कहा कि जिस गोवर्धन पर्वत को भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी, उसकी तलहटी को गंदा करना हमारी आस्था और जिम्मेदारी—दोनों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संकल्प लेना होगा कि वह ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाएगा। उन्होंने कहा, “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक ब्रजवासी और श्रद्धालु के जीवन का संकल्प बनना चाहिए।
इस अभियान में मथुरा के अलावा नोएडा, दिल्ली, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, सोनीपत और गाजियाबाद सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे हार्टफुलनेस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया ।अभियान में गीता शोध संस्थान वृंदावन के समन्वयक चंद्र प्रताप सिकरवार सहित हार्टफुलनेस के स्वयंसेवक संदीप खन्ना, ऋषि तोमर, विशाल शर्मा, जे.पी. सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओ.पी. सिंह, रमेश चाहल, सचिन जैन, विकास गौर, एस.के.एस. चंदेल, विजय कौशिक, यशवंत, जितेंद्र, आर.पी. शर्मा, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Spread the love