600 निजी वाहनों से मुख्यमंत्री की जनसभा में शामिल होंगे महानगर से 10000 कार्यकर्ता

टॉप न्यूज़

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा देश के सभी धर्म व पंथ की विचाराधारा का सम्मान किया है। मूल चिंतन राष्ट्रवाद से प्रेरित है। समाज के सभी वर्ग के हितों की रक्षा भाजपा की प्राथमिकता है। अनुसूचित वर्ग और नारी शक्ति के उत्थान की चिंता सिर्फ भाजपा करती है। महानगर अध्यक्ष सोमवार को स्टेट बैंक चौराहे स्थित एक स्थानीय होटल में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता का विश्वास ही भाजपा की ताकत है। 2014 में भाजपा का स्वर्ण युग आरंभ हुआ है। सबका साथ सबका विकास और सबका प्रयास का नारा परिवर्तनकारी सिद्ध हुआ। एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांतों में से एक है। इस सिद्धांत को हम सबका साथ सबका विकास के साथ मिला हुआ देख सकते हैं जो गरीब, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार द्वारा तय की गई नीतियों में भी नजर आता है।
11 अक्टूबर को फरह स्थित दीनदयाल धाम पर मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा में 600 निजी वाहनों से क़रीब 10000 कार्यकर्ता महानगर से पहुंचेंगे। कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी हैं और वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारियाँ भी तय कर दी गयी हैं। बड़ी संख्या में आमजन और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को सुनने पहुंचेंगे।

पं दीनदयाल उपाध्याय जी के बताये मार्ग पर चलते हुए आज भाजपा की सरकारों द्वारा ऐसी अनेक योजनाएँ चलाई जा रही हैं जिनका सीधा लाभ आज अनुसूचित वर्ग को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा स्वच्छता को लेकर जो जागरूकता फैलाने का काम किया जा रहा है इस से भी अनुसूचित वर्ग के प्रति देश की जनता के मन में सम्मान बना है। आने वाले कुछ दिनों में क्षेत्रीय स्तर पर एक अनूसूचित मोर्चा का विशाल सम्मेलन होगा जिसमें बड़ी संख्या में मथुरा महानगर से अनुसूचित वर्ग के लोग शामिल होंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इसके लिये मंडल स्तर पर योजना बनाकर बस्तियों में संपर्क किया जा रहा है।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को महत्व देते हुए महिला आरक्षण विधेयक लाया गया जिस से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। भाजपा से पूर्व की सरकारें इस विधेयक को अटकाने का काम करती रहीं परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ इच्छाशक्ति से दोनों सदनों में पारित करवाया। मातृ शक्ति को अधिक से अधिक जोड़ने के उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर एक महिला सम्मेलन आयोजित होना तय हुआ है जो शीघ्र होगा। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इस के लिये घर घर संपर्क शुरु कर दिया है।

महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने कहा कि विपक्ष देश को जातिवाद में बाँटने के मंसूबों में कामयाब नहीं होगा और 2024 में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के विश्वास की फिर से बड़ी जीत होगी।

इस दौरान पूर्व सांसद चौ तेजवीर सिंह, महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी, चेतन स्वरूप पाराशर, मुकेश खंडेलवाल, महानगर उपाध्यक्ष श्याम सिंघल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनीष गुप्ता, संजय शर्मा, सह-मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया, अनिल खंडेलवाल, राहुल राजावत, लवांशु वर्मा, श्याम शर्मा, आदि मौजूद रहे।

Spread the love