
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस संस्था के स्वयंसेवकों के साथ विद्यार्थियों ने दिया प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ ब्रज का संदेश, अनेक शहरों से पहुंचे लोगों ने निभाई सहभागिता
वृंदावन। “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” महाअभियान के अंतर्गत रविवार को वृंदावन में इस्कॉन मंदिर से प्रेम मंदिर तक भव्य स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम, हार्टफुलनेस संस्था और प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में हेरिटेज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों तथा विभिन्न शहरों से आए स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रमणरेती मार्ग पर अभियान चलाया। कूडे को बीन कर डिस्टबिन में डाला। स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त वृंदावन बनाने के लिए तीर्थ यात्रियों को श्लोगन लिखे पत्रक वितरित किए।
अभियान की शुरुआत हेरिटेज पब्लिक स्कूल में आयोजित हार्टफुलनेस ध्यान सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को सेवा, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने इस्कॉन मंदिर से प्रेम मंदिर तक मार्ग की सफाई की तथा स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता बनाए रखने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया।
अभियान में गीता शोध संस्थान के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार और चंद्रिका प्रसाद राय , हार्टफुलनेस के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा, प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक विपुल अग्रवाल के साथ बड़ी संख्या में इन संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने रोड को स्वच्छ रखने के लिए कूड़ा एकत्रित कर उसे जगह-जगह डस्टबिन में डाला।
छोटे दुकानदारों के यहां और ढेलर- ढकेलों पर स्वच्छता के संदेश लिखे लेमिनेटेड पत्रक टांगे।
ब्रज वैभव अभियान अब राष्ट्रीय जनआंदोलन का स्वरूप ले रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से ब्रज के खोए हुए वैभव को पुनर्स्थापित करना है।
हार्टफुलनेस के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने सभी नागरिकों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हेरिटेज पब्लिक स्कूल के निदेशक अनुपम शर्मा ने कहा कि वृंदावन को प्लास्टिक मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा कि जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से नहीं जुड़ेगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं होगा। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भविष्य में स्वच्छ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण की मजबूत नींव है।
अभियान का संचालन कर रहे भाई ऋषि तोमर ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यदि ब्रज का वास्तविक वैभव लौटाना है तो प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। स्वच्छ यमुना और स्वच्छ ब्रज ही आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं।
अभियान में हार्टफुलनेस के
अलीगढ, मुरादावाद, भरतपुर, डीग, ग्वालियर, आगरा, मथुरा, दिल्ली और नोएडा सहित विभिन्न शहरों से आए स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में स्वयंसेवकों ने सफाई के साथ-साथ लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, स्वच्छता के महत्व और ब्रज की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से सेवा कार्य करते हुए इस महाअभियान को आगे बढ़ाएंगे और जनसहभागिता के माध्यम से ब्रज को स्वच्छ, सुंदर, प्लास्टिक मुक्त तथा उसके गौरव के अनुरूप बनाने में अपना निरंतर योगदान देंगे।