राजस्थान से आया 1000 किलो संदिग्ध पनीर, मौके पर कराया नष्ट

ब्रेकिंग न्यूज़

दो लाख बीस हजार के पनीर के नहीं मिले खरीद-बिक्री के अभिलेख, दो नमूने जांच को भेजे

मथुरा। राजस्थान के कामां से मथुरा बिक्री के लिए लाया जा रहा 1000 किलो संदिग्ध पनीर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़ा। पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने और खरीद-बिक्री के अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर विभाग ने करीब 2.20 लाख रुपये कीमत के पूरे पनीर को जनहित में मौके पर नष्ट करा दिया। पनीर के दो नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को राजस्थान की ओर से संदिग्ध खाद्य पदार्थ आने की सूचना पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सहायक आयुक्त खाद्य डा. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने नंदगांव रोड पर जिंदल पुलिस चौकी के पास बोलेरो पिकअप (UP85ET6299) को रोककर जांच की।

वाहन में करीब एक हजार किलो पनीर मिला। चालक एवं वाहन मालिक अमर सिंह ने बताया कि पनीर कामां स्थित डेयरी से बिक्री के लिए लाया जा रहा है। टीम ने पनीर के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख मांगे, लेकिन कारोबारी इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। पनीर की गुणवत्ता भी प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिली।

इसके बाद टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और शेष 1000 किलो पनीर को अस्वच्छकर, दूषित एवं संदिग्ध मानते हुए तत्काल नष्ट करा दिया।

कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह और धर्मेंद्र शामिल रहे।

Spread the love