मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण छाता में लॉन्च करेगा सबसे बड़ी आवासीय योजना

Uncategorized

  • 117 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली आवासीय योजना के लिए भूमि का अधिग्रहण लगभग पूरा
  • कोकिलावन शनिधाम, बरसाना और नंदगांव के निकट होने से लंबे समय से था इंतजार

खास बिंदु…

  • 117 हेक्टेयर क्षेत्रफल में होगा आवासीय योजना का विकास
  • 102 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण पूरा
  • 350 किसानों ने दी है योजना के लिए जमीन
  • एन एच 19 के निकट छाता में विकसित की जा रही है यह आवासीय योजना
  • 2024 में शुरु की गई थी इस योजना के विकास की प्रक्रिया
  • पिछले 07 माह के दौरान तेजी से हुआ जमीन अधिग्रहण का कार्य

मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) जल्द ही छाता स्थित बहुप्रतीक्षित आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है। 18 साल बाद के बाद यह प्राधिकरण की सबसे बड़ी आवासीय योजना है। योजना के लिए 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है।
गौरतलब है कि दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप एमवीडीए ने सितंबर 2024 में 117 हेक्टेयर क्षेत्रफल की छाता आवासीय योजना को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की थी। करीब 15 माह के दौरान दिसंबर 2025 तक 60 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया। इसके बाद वर्तमान उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन के नेतृत्व में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाई गई, जिसके परिणामस्वरूप सिर्फ 7 माह में अब 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इस योजना की शेष भूमि का अधिग्रहण भी अगले कुछ समय में पूरा होने की संभावना है। भूमि अधिग्रहण की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने योजना को लॉन्च करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि छाता आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। रुक्मिणी विहार आवासीय योजना, वृंदावन के बाद करीब 18 साल उपरांत प्राधिकरण छाता में सबसे बड़ी आवासीय योजना लॉन्च करने की तैयारी में है। इस योजना के लिए करीब 350 किसानों की सहमति प्राप्त की गई है। 117 हेक्टेयर में विकसित होने वाली इस आधुनिक आवासीय योजना में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के साथ-साथ विद्यालय, महाविद्यालय, ग्रुप हाउसिंग, होटल, सुपर मार्केट, अस्पताल, ईडब्ल्यूएस भूखंड/ आवास निकट भी अतिरिक्त शॉपिंग काम्प्लेक्स सहित अन्य सामुदायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि योजना का स्थान कोकिलावन शनिधाम, बरसाना और नंदगांव जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के निकट होने के कारण इसे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।

Spread the love