जन्माष्टमी पर कृष्णनगरी को 1051 करोड़ की सौगात, सीएम ने 229 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Uncategorized

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में गुरुवार को विकास का नया अध्याय लिखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन से मथुरा जनपद को 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विकास की रफ्तार को नई गति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने एक ओर अत्याधुनिक स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह का उद्घाटन किया तो दूसरी ओर सड़क, पर्यटन, नगरीय सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान हजारों लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित कर विकास और जनकल्याण का संदेश भी दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 540.60 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और 437.64 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7240 लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों में 42.15 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह का शुभारंभ रहा। अत्याधुनिक सभागार में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। परिसर में मुक्ताकाशी रंगमंच, मीराबाई गेस्ट हाउस और कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व गीता शोध संस्थान परिसर में पारिजात का पौधा रोपित किया। उन्होंने कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत लाभार्थियों को ट्रैक्टर की सांकेतिक चाबी भी सौंपी। जनपद में नौ लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये की दर से कुल 36 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्व बैंक सहायतित उत्तर प्रदेश प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों, ठाकुरजी की पोशाक, तुलसी माला, पुष्प प्रबंधन, माटीकला, गोबर उत्पाद, हाईटेक नर्सरी और स्थानीय खाद्य उत्पादों से जुड़े स्टॉल लगाए गए थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तीन बच्चों युवान, कान्हा और चेष्टा का अन्नप्राशन संस्कार कराया, जबकि पार्वती और मनसा की गोदभराई की। बच्चों और महिलाओं को पोषण किट, उपहार और अन्य सामग्री वितरित की गई।

मंच पर मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, मत्स्य संपदा, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि, स्वदेशी गौ संवर्धन, कन्या विवाह सहायता और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र, टूल किट और स्वीकृति पत्र प्रदान किए। डिजिटल लाइब्रेरी से पढ़ाई कर पुलिस उपनिरीक्षक पद पर चयनित हुए अजय को भी सम्मानित किया गया।

लोकार्पित प्रमुख परियोजनाओं में यमुना एक्सप्रेस-वे से वृंदावन के पागल बाबा मंदिर तक चार लेन मार्ग और सेतु निर्माण, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल तथा नगर निगम और विकास प्राधिकरण की अनेक पर्यटन एवं नगरीय विकास परियोजनाएं शामिल हैं। शिलान्यास कार्यों में फ्लाईओवर, पर्यटन सुविधाएं, सड़क सौंदर्यीकरण, पार्किंग, सीसीटीवी, परिक्रमा मार्ग विकास और विभिन्न वार्डों में सड़क-नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संतों को शॉल, माला और प्रसाद देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए तथा मथुरा के विकास कार्यों पर आधारित वीडियो दिखाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय एवं प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधि, संत समाज और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love