छाता शुगर मिल पर 20 अक्टूबर को नहीं होगा पुतला दहन, प्रशासन ने नहीं दी अनुमति

Uncategorized

News4live, मथुरा। छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर मिल परिसर के बाहर चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने 20 अक्टूबर को प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। उप जिला मजिस्ट्रेट छाता अखिलेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों को धरना समाप्त कर जगह खाली करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार, शुगर मिल चालू कराने की मांग को लेकर कुछ लोग कई दिनों से मिल परिसर के बाहर धरना दे रहे हैं। धरना खत्म करने और जगह खाली करने के लिए पहले भी कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन धरना जारी है। संबंधित व्यक्ति ललित कुमार कर्मयोगी को भी इस संबंध में पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

प्रशासन को सूचना मिली थी कि 20 अक्टूबर को मिल परिसर में जनप्रतिनिधियों का सांकेतिक पुतला दहन किया जाएगा। प्रशासन ने इस कार्यक्रम से आग लगने, ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल, भीड़ जुटने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। इससे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।

इन्हीं कारणों से प्रशासन ने पुतला दहन कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम नहीं करने, धरना समाप्त करने और धरना स्थल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का पालन नहीं करने या बिना अनुमति प्रतिबंधित गतिविधियां करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की है।

Spread the love