ब्रज रज उत्सव-2022 : माधवास के इंडो-वेस्टर्न भजनों पर झूमे नाचे लोग

बृज दर्शन

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कारवां आगे बढ़ा। ब्रज रज उत्सव के दूसरे दिन वृंदावन की माधवज ग्रुप ने भजनों को पॉप स्टाइल में प्रस्तुत किया, तो दर्शकों ने नाचते गाते कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। ब्रज के अन्य लोक कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी

ब्रज रज उत्सव के दूसरे दिन पद्मश्री मोहन स्वरूप भाटिया ने कार्यक्रम पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद ब्रज के पुराने संगीत सहेज रहा है, उसका संरक्षण कर रहा है। ब्रज के यह गीत हमारी थाती हैं, ब्रज विकास परिषद इन गीतों की रिकॉर्डिंग करा रहा है, यह आने वाली पीढ़ी के लिए काम देगी। यहां पुराने वाद्य यंत्रों पर गीत संगीत बहुत अच्छे तरीके से संरक्षित किया जा रहा है। मोहन स्वरूप भाटिया के आग्रह पर मैदान में प्रस्तुतियां दे रहे कलाकारों को भी मंच पर प्रस्तुति का मौका दिया गया। इसके बाद मंच पर कलाकारों ने बीन और अलगोजा का वादन किया। होली गीत प्रसिद्ध लोक कलाकार सीमा मोरवाल और ग्रुप ने प्रस्तुत किए। स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद माधवास ग्रुप का नंबर आया है। माधव आज ग्रुप में अपने सुपरहिट गीतों “आली मोहे लागे वृंदावन नीको” और “नंद भवन में उड़ रही धूल” सुना कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरे रामा हरे कृष्णा के पारंपरिक भजन को भी उन्होंने नए अंदाज में सुनाया।

उपस्थिति
कार्यक्रम में उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नागेंद्र प्रताप, जिला अग्निशमन अधिकारी मुकेश शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा, सहायक निदेशक संग्रहालय यशवंत सिंह राठौर, खेमचंद यदुवंशी आदि मौजूद रहे। संचालन अनुपम गौतम ने किया।


राजकीय संग्रहालय ने आयोजित की प्रतियोगिताएं
मथुरा। राजकीय संग्रहालय द्वारा बुधवार को ब्रज रज उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। चित्रकला प्रतियोगिता एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मथुरा के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संग्रहालय के उपनिदेशक डॉ यशवंत सिंह राठौर ने बताया कि 2 नवंबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 3 नवंबर को रंगोली प्रतियोगिता, 4 नवंबर को कहानी लेखन प्रतियोगिता, 5 नवंबर को स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, 6 नवंबर को पोस्टर प्रतियोगिता, 7 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता, 8 नवंबर को अपशिष्ट सामग्री शिल्प प्रतियोगिता, 9 नवंबर को सेल्फी प्रतियोगिता एवं 10 नवंबर को मॉडल क्रिएशन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

जायका कहीं का भी हो, चखेंगे तो उंगलियां चाटेंगे

ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम में देश के विभिन्न स्थानों के जायके भी देखने को मिल रहे हैं। कहीं तंदूरी चाय लोगों के लिए कौतूहल है तो कहीं अमेरिकन भुट्टे को लोग देखना चाहते हैं। मद्रासी डोसा चखने के लिए लोग लालायित दिखे तो दिल्ली वाली चाट को कोई कैसे छोड़े। दिल्ली की युवा उद्यमी मीनू जैन बताती हैं कि उनकी मेले में दो स्टॉल हैं और दोनों पर लोगों की भीड़ देखकर लग रहा है कि ब्रज में भी चाट के शौकीन कम नहीं। मीनू जैन ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

———————————–

ब्रज रज उत्सव 2022 को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। कार्यक्रम की सफलता के पीछे सीईओ नागेंद्र प्रताप और डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा की मेहनत है।

–शैलजा कांत मिश्र, उपाध्यक्ष ब्रज तीर्थ विकास परिषद

Spread the love