रिपोर्ट-अरुण वर्मा
पिस्टल रिपेयर के लिए गन हाउस पर आए थे आरोपी, 4 पिस्टल समेत 79 कारतूस बरामद
गाजियाबाद। घंटाघर कोतवाली एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी और बलराज भाटी गैंग के शार्प शूटर समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चार पिस्टल समेत बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पिछले काफी समय से प्रयास कर रही थी। पकड़े गये गिरोह के बदमाश की एक पिस्टल रिपेयर होने के लिए शहर की गन हाउस पर आई हुई थी। ठीक नही होने पर वापस लेने के लिए सभी एकत्रित हुए थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। वहीं इस मामले में पुलिस अब गन हाउस पर कार्रवाई कर रही है, जिसके लिए पुलिस ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। पकड़ा गया शार्प शूटर, लूट, हत्या, डकैती व चोरी जैसी 50 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है।
शुक्रवार को हरसांव स्थित पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में मुख्य शार्प शूटर नागेश उर्फ नागेंद्र उर्फ बिल्लौरी पुत्र मनवीर जाट निवासी ग्राम नीमका जेवर गौतमबुद्धनगर है। जो कि 12वीं पास है और प्रोपर्टी डीलिंग का काम करता था। नागेश के साथी आकाश त्यागी पुत्र स्व: पवन त्यागी निवासी शास्त्रीनगर मेरठ, जो कि एमबीए पास है और जियो फायवर ठेकेदार है, राहुुल कुमार पुत्र हरीकुमार जाटव निवासी अफजलपुर निस्तौली टीलामोड बीए पास है और कार डीलर है व नितेश डागर पुत्र सत्यवीर डागर निवासी ग्राम निस्तोली टीलामोड 12वीं पास है और खेती का काम करता है। आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 2 तमंचे, 79 कारतूस और 50 हजार रुपए बरामद किए गये है।
एसपी सिटी ने बताया कि नितेश उर्फ नागेंद्र बिल्लौरी हत्या, लूट, डकैती जैसी अपराधिक वारदातों को अंजाम देता है। नितेश उर्फ नागेंद्र बिल्लौरी ने अपनी 30 एमएम की पिस्टल को रिपेयर कराने के लिए अपने साथी विनोद उर्फ मुखिया से संपर्क किया। विनोद मुखिया ने यह पिस्टल रिपेयर के लिए आकाश त्यागी को दी। आकाश यह पिस्टल गाजियाबाद में राकेश मार्ग स्थित तरनजीत गन हाउस पर लेकर पहुंचा। जब पिस्टल ठीक नही हुई तो चारों उसी पिस्टल को लेकर नया बस अड्डा मोहन नगर रोड़ पर गुरूवार रात को एकत्रित हुए। जहां से एसएचआ अमित कुमार खारी, अनंगपाल राठी, प्रमोद कुमार, मोहित कुमार (सर्विलांस टीम) ने आरोपियों को दबोच लिया। आकाश त्यागी पूर्व में मेरठ एसटीएफ द्वारा आम्र्स एक्ट में जेल भी जा चुका है। आकाश त्यागी पूर्व में मेरठ के सप्लायर रहीस उर्फ मुल्ला से हथियार लेता था, जो कि अब सऊदी अरब भाग चुका है। उन्होंने बताया आरोपियों के खिलाफ घंटाघर कोतवाली, अलीगढ़, मथुरा, गौतमबुद्धनगर, हरियाणा के विभिन्न थानों में शार्प शूटर नागेश के खिलाफ 16 मुकदमें दर्ज है और अन्य आरोपियों के खिलाफ 4-4 मुकदमें दर्ज हैl