(प्रतीकात्मक चित्र)

मथुरा। जैंत के गांव नगला मोरा के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान को गांव के दबंग उन पर निर्माण समिति का अध्यक्ष बनाने जाने का दवाब डाला है। दबंग ने साफ कह दिया है कि प्रधानजी या तो मुझे निर्माण समिति का अध्यक्ष बना दो, वरना मारपीट कर ठीक कर दूंगा।
मुख्यमंत्री, डीएम, सीडीओ और डीपीआरओ को भेजे अपने शिकायती पत्र में गांव नगला मोरा, जैंत के नवनिर्वाचित प्रधान भगवत ने अपना दुखड़ा बताया है। भगवत का कहना है कि वह अनुसूचित जाति का प्रधान निर्वाचित हुआ है। नगला मोरा पंचायत भवन में 27 मई को प्रधान और सेक्रेटरी की उपस्थिति में नवनिर्वाचित सदस्यों की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें छह समितियों के अध्यक्ष चुने गए थे।
भगवत का आरोप है कि समिति के अध्यक्षों के हस्ताक्षर होने के बाद गांव के एक दबंग ने दवाब बनाया कि वह स्वयं निर्माण एवं विकास समिति का अध्यक्ष बनेगा। आरोप है कि प्रधान के मना करने के बाद दबंग ने गाली गलौच और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए निर्माण समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए खींचतान की। दबंग ने कहा कि यदि मुझे निर्माण समिति का अध्यक्ष नहीं बनाया तो तुम्हारी प्रधानी का थैला रखवा दूंगा और मारपीट कर ठीक कर दूंगा। ग्राम प्रधान ने दबंग से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। जैंत क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
