नई दिल्ली/मथुरा। लोकसभा में बुधवार को मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने मथुरा में खराब मोबाइल सिग्नल और कॉल ड्रॉप की समस्या को उठाया। हेमा मालिनी ने शहर में 10 और बीटीएस साइट्स स्थापित करने की मांग भी की।
बुधवार को संसद में सांसद हेमा मालिनी ने संचार मंत्री के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रविशंकर प्रसाद को बधाई दी। हेमा मालिनी ने कहा के संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पीएम नरेंद्र मोदी का डिजिटल इंडिया का मिशन सफलतापूर्वक संचालित कराया। सांसद ने मांग की कि देश के सभी 2.5 लाख ग्राम पंचायतों को जल्द ही ब्रॉडबैंड के माध्यम से जोड़ दिया जाए।
इसके बाद सांसद ने मथुरा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, जैसा कि हम सभी जानते हैं, मथुरा एक अत्यधिक आबादी वाला शहर है और हजारों घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक हर रोज शहर आते हैं। लेकिन खराब मोबाइल सिग्नल और कॉल ड्रॉप शहर में लोगों के लिए आम और परेशान करने वाला है।
इस समस्या के दृष्टिगत सांसद ने संचार मंत्री से सवाल किया कि मथुरा शहर में निर्बाध मोबाइल कवरेज के लिए अतिरिक्त बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) साइट्स (2 जी और 3 जी) स्थापित करने का कोई प्रस्ताव है या नहीं। मैंने आपको शहर में 10 और बीटीएस साइट्स स्थापित करने के प्रस्ताव के साथ एक पत्र भी लिखा है।
इस पर केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जवाब दिया कि मैंने अपने विभाग को निर्देश दिए हैं कि जितने भी प्रमुख पर्यटक स्थल, चाहे वह धार्मिक हो या गैर धार्मिक, वह केदारनाथ हो बद्रीनाथ हो मथुरा काशी या अजमेर शरीफ हो या फिर कोई अन्य जगह हो, वहां मोबाइल कनेक्टिविटी और अन्य आधारभूत संरचना मजबूत होनी चाहिए। रविशंकर प्रसाद ने देश में संचार के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने विशेषतः मथुरा को लेकर कहा कि उन्होंने सांसद हेमा मालिनी की प्रश्न को नोट कर लिया है और विभाग को उचित निर्देश भी दिए गए हैं। संचार मंत्री ने कहा कि मथुरा वृंदावन केवल एक संसदीय सीट नहीं, है बल्कि यह भगवान कृष्ण के भक्तों की नगरी है। इसलिए मथुरा में बेहतर कार्य के लिए विभाग को निर्देश दिए गए हैं।