मथुरा। सुरीर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक मकान में बीती रात आतिशबाजी के अवैध भंडारण में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट से दो मंजिला मकान धराशाई हो गया और उसमें मौजूद एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 घायल हो गए।
25/26 सितंबर की रात करीब 01.00 बजे थाना सुरीर क्षेत्र के गॉव सुरीरकला में जोगेन्द्र पुत्र बाबूराम के घर पर अचानक विस्फोट हो गया।
विस्फोट की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी तो मौके पर पुलिस व प्रशासनिक टीमें पहुंची तथा बचाव कार्य आरम्भ किया गया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। उक्त घटना में 30 वर्षीय जोगिंदर की मृत्यु हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए घायलों को पुलिस ने जनता के सहयोग से तत्काल प्राथमिक उपचार अस्पताल भिजवाया। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत डिस्चार्ज कर दिया गया है तथा तीन घायलों का इलाज चल रहा है। घटना के सम्बन्ध में पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि जोगेन्द्र पुत्र बाबूराम के घर में अवैध रूप से पटाखों का भन्डारण हो रखा था। उक्त पटाखों में ही अचानक विस्फोट हुआ है। घटना के सम्बन्ध में थाना प्रभारी सुरीर द्वारा मु0अ0सं0 235/20 धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधि. बनाम इन्द्रवती आदि के विरूद्ध पंजीकृत कराया गया है।
एसएसपी ने घटना की विस्तृत जॉच के लिये सीएफओ मथुरा को तत्काल मौके पर भेजकर घटना के कारणों के सम्बन्ध में शीघ्र अति शीघ्र जॉच रिपोर्ट देने के आदेश दिये हैं।
जिस मकान में विस्फोट हुआ है, यह सुरीर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर ही है।

मृत व घायल व्यक्तियों का विवरण
1.जोगेन्द्र पुत्र बाबू लाल उम्र करीब 30 वर्ष ( मृत्यु )
2.इन्द्रवती पत्नी बाबू लाल उम्र करीब 55 वर्ष, (उपचाराधीन)
3.शिवानी पत्नी जोगेन्द्र उम्र करीब 22 वर्ष, (उपचाराधीन)
4.बाबी उर्फ सुनील पुत्र असर्फी लाल उम्र करीब 40 वर्ष, (उपचाराधीन)
5.सबिता पुत्री बाबू लाल उम्र करीब 18 वर्ष, (डिसचार्ज )
6.महेन्द्र पुत्र राम दास उम्र करीब 48 वर्ष , (डिसचार्ज )
7.दीपाशू पुत्र महेन्द्र उम्र करीब 13 वर्ष (डिसचार्ज )
