सामाजिक न्याय एवं भागीदारी सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस ने 2027 के लिए भरी हुंकार

टॉप न्यूज़

राजेंद्र पाल गौतम बोले- पिछड़े-दलित समाज की एकजुटता से होगा सत्ता परिवर्तन, जातिगत जनगणना और आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी की उठी मांग

दामोदरपुरा में जुटे हजारों लोग, संविधान की रक्षा और आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को घेरा

News4live मथुरा। दामोदरपुरा में रविवार को आयोजित सामाजिक न्याय एवं भागीदारी सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के आह्वान पर आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित समाज की एकजुटता ही प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का निर्णायक आधार बनेगी।

सम्मेलन में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है, लेकिन आज संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। सामाजिक न्याय की लड़ाई किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक वास्तविक सामाजिक न्याय स्थापित नहीं हो सकता।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.. अनिल जयहिंद ने कहा कि पिछड़े समाज की सत्ता, संसाधनों और निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। जातिगत जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में पहला कदम है। कांग्रेस पिछड़े और दलित समाज को उनका सामाजिक हक और अधिकार दिलाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय और भागीदारी की जिस लड़ाई को राष्ट्रीय विमर्श बनाया है, उसे कांग्रेस गांव-गांव तक पहुंचाएगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि मथुरा की धरती से उठी सामाजिक न्याय की आवाज पूरे बृज क्षेत्र में नई राजनीतिक चेतना पैदा करेगी। पिछड़े, दलित, किसान, मजदूर और नौजवानों को केवल चुनावी भागीदारी तक सीमित न रखकर संगठन की जिम्मेदारियों और राजनीतिक निर्णयों में भी उचित स्थान दिलाना कांग्रेस का प्रयास है।

राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी राजकुमार मौर्य ने कहा कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई के लिए सभी वंचित वर्गों को एकजुट होना होगा। बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा एवं रोजगार में असमानता जैसे सवालों का समाधान तभी संभव है, जब प्रत्येक वर्ग को बराबरी का अवसर मिले।

कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी एवं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, रोजगार और आरक्षण के मुद्दों पर महत्वपूर्ण होगा। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और इसमें पिछड़े, दलित, गरीब, किसान, मजदूर और नौजवानों की भूमिका निर्णायक होगी।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने सम्मेलन की सफलता को पिछड़े समाज की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक जनपद में सामाजिक न्याय और भागीदारी का संदेश पहुंचाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि दामोदरपुरा में उमड़ा जनसैलाब स्पष्ट संकेत है कि पिछड़ा, दलित और वंचित समाज अब अपने अधिकारों और सत्ता में हिस्सेदारी के सवाल पर निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। अयोध्या के बाद मथुरा से सामाजिक न्याय की राजनीति को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि 2027 में राजनीतिक बदलाव की मजबूत नींव सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की सम्मानजनक भागीदारी से रखी जाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने सम्मेलन में पहुंचे लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में संविधान की रक्षा, जातिगत जनगणना, आरक्षण व्यवस्था मजबूत करने, शिक्षा एवं रोजगार में समान अवसर और आबादी के अनुपात में राजनीतिक एवं आर्थिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने किया। इस अवसर पर शिवदत्त चतुर्वेदी, रमेश कश्यप, मनोज गौड़, पंकज चौधरी, सरवन अहमद, केके गौतम, उमेश शर्मा, आदित्य तिवारी, राजन पाठक, बलवीर प्रधान, राजा गौतम, अशोक निषाद, करन निषाद, रवि वाल्मीकि, हाशिम हुमेर, संदीप चौधरी, कीर्ति कौशिक, आशीष अग्रवाल, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित, दीपक दीक्षित, धीरज शर्मा, लक्ष्मी नारायण, रूपेश धनगर, श्याम चौधरी, रूपा लवानिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

Spread the love