विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने किया उद्घाटन; तहसीलों में भी स्थापित हुए केंद्र
News4live मथुरा, 20 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर सहित जनपद की पांचों तहसीलों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में फीता काटकर प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं ईवीएम के माध्यम से मॉक पोल किया और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को भी ईवीएम से मतदान का डेमो दिया। अब आम नागरिक इन केंद्रों पर पहुंचकर स्वयं मॉक मतदान कर सकेंगे और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे।
प्रशासन की ओर से छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा और बल्देव तहसील मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक नायब तहसीलदार, दो कर्मचारी और एक मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं। ये प्रतिदिन सुबह 10 से शाम पांच बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।
प्रदर्शन की अवधि समाप्त होने के बाद प्रतिदिन शाम पांच बजे मशीनों को निर्धारित स्ट्रांग रूम में पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए 19 नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस से 136 मशीनें अस्थायी स्ट्रांग रूम में रखवाई गई थीं। इनमें से पांच-पांच मशीनें प्रत्येक तहसील को और 10 मशीनें नगर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराई गई हैं। शेष 101 मशीनों का इस्तेमाल मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में किया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शन केंद्रों पर निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से मौजूद रहकर आमजन को सरल तरीके से मतदान प्रक्रिया समझाएं। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, एडीएम न्यायिक वेद प्रिय आर्य और नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, 21-22 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप
सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8
News4live मथुरा, 20 नवंबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए शनिवार और रविवार को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
डीएम ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेगा।
21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। यहां नागरिकों को निर्धारित फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि विधानसभा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। जिलाधिकारी ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की प्रविष्टियां मतदाता सूची में अवश्य जांच लें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन करें।