
मथुरा। मथुरा शहर के एक स्थानीय होटल में फिजिशियन चिकित्सकों के संगठन फिजिशियन फोरम का चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव में वरिष्ठ फिजिशियन डा.अनिल कुमार चौहान को अध्यक्ष एवं डा.राघव कुमार को सचिव चुना गया।

चुनाव अधिकारी डा. पीसी अग्रवाल एवं डा. एसबी अग्रवाल के नेतृत्व में वर्ष 2026-2028 के चुनाव को लेकर आयोजित चुनावी बैठक में फोरम की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें डा. चिरदीप अग्रवाल को उपाध्यक्ष एवं डा. सिद्धार्थ कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं वर्ष 2028 के लिए वरिष्ठ फिजिशियन डा. भरत गुप्ता को प्रेसिडेंट इलेक्ट चुना गया। चुनाव अधिकारी डा. पीसी अग्रवाल एवं डा. एसबी अग्रवाल ने बताया कि फिजिशियन फोरम का चुनाव पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी चिकित्सकों और फोरम को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। बैठक में मौजूद चिकित्सकों ने नई टीम को बधाई दी और बुके देकर स्वागत किया।
-चिकित्सक का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डा. अनिल कुमार चौहान ने कहा कि फोरम ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी भी चिकित्सक का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चिकित्सकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
-यह रहे मौजूद
बैठक में पूर्व अध्यक्ष डा.संजय सूद,डा.हार्दिक जैन,डा.प्रदीप पाराश,डा.अजित सिकरवार,डा.विपिन कुमार,डा.ओपी अग्रवाल,डा.भारती गर्ग,डा.नितिन चौहान,डा.अमित गुप्ता आदि चिकित्सक मौजूद रहे।