वंशीवट में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 48 अवैध दुकानें और 21 कुटिया हटाईं

Uncategorized


मांट (मथुरा)। तहसील मांट क्षेत्र के वंशीवट में गुरुवार को तहसील प्रशासन ने पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से लगाई गई 48 अस्थायी दुकानों को हटाया गया, वहीं अतिक्रमण कर बनाई गई 21 कुटियाओं पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मची रही।
अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर ने किया। प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ जेसीबी मशीन के मौके पर पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर रास्ते और मार्ग में बाधा बन रही अस्थायी दुकानों, खोखों और अन्य कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी की मदद से एक-एक कर सभी अवैध ढांचे हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने अवैध रूप से निर्मित 21 कुटियाओं को भी ध्वस्त कराया। बताया गया कि इन कुटियाओं का निर्माण वंशीवट क्षेत्र में अतिक्रमण कर किया गया था, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार मांट आंचल सिंगला, नायब तहसीलदार नौहझील जितेंद्र, खंड विकास अधिकारी मांट अभिमन्यु सेठ, थाना प्रभारी मांट जसवीर सिंह, चौकी प्रभारी आकाश चौहान, राजस्व विभाग की टीम, खंड विकास कार्यालय की टीम तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
उपजिलाधिकारी दीपिका मेहर ने बताया कि रास्ते और मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रही 48 दुकानों को हटाया गया है। इसके साथ ही 21 अवैध कुटियाओं के खिलाफ भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।

Spread the love