अयोध्या जैसा विकास ब्रजधाम में भी होगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Uncategorized

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में दर्शन कर माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की

ब्रजधाम की प्राचीन गरिमा को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह समर्पित है सरकार: माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा, ब्रज की रज में रचे-बसे हैं कन्हैया, त्योहार की परंपरा भारत की बड़ी ताकत

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कान्हा की नगरी मथुरा में भक्ति और संकल्प का संदेश दिया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में नतमस्तक होकर माननीय मुख्यमंत्री जी ने न केवल प्रदेश की खुशहाली की कामना की, बल्कि भविष्य के सांस्कृतिक पुनरुद्धार का संकेत भी दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तरह ही ब्रजधाम में भी विकास के आगामी कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाएंगे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि में आराध्य के दर्शन और लोक-कल्याण की कामना
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने मथुरा भ्रमण के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर आराध्य के दर्शन किए। उन्होंने योगमाया, गर्भगृह,
राधा-कृष्ण तथा केशव देव मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर श्रद्धा निवेदित की। दर्शन के उपरांत उन्होंने कहा कि ब्रज की पावन धरा का कण-कण ऊर्जा और भक्ति से भरा हुआ है। उन्होंने भगवान कृष्ण से प्रार्थना की कि उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छुए और हर नागरिक के जीवन में सुख-समृद्धि आए।

होली के उत्साह और ब्रज की शक्ति का उल्लेख
ब्रज में चल रहे होली उत्सव (रंगोत्सव) का जिक्र करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां होली केवल एक दिन का पर्व नहीं, बल्कि शाश्वत उत्सव है। उन्होंने बरसाना, गोकुल, नंदगांव और गोवर्धन में उमड़े लाखों श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि मैं भले ही शारीरिक रूप से यहां उपस्थित नहीं था, लेकिन मेरी नजरें यहां के उमंग पर थीं। लाखों श्रद्धालुओं का यह रेला भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का जीवंत प्रमाण है।

अयोध्या की तरह यहां भी होंगे भव्य कार्यक्रम
माननीय मुख्यमंत्री जी ने श्रीराम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य कार्य संपन्न हुए हैं, वैसे ही कृष्ण कन्हैया की कृपा से यहां भी आगे के कार्यक्रम और विकास की योजनाएं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित की जाएंगी।

त्योहारों की परंपरा को बताया भारत की ताकत
संबोधन के अंत में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने भारतीय परंपराओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि ब्रज की रज-रज और कण-कण में राधा-कृष्ण की स्मृतियां रची-बसी हैं। त्योहारों की परंपरा भारत की ताकत है। सरकार उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से यहां की प्राचीन गरिमा को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह समर्पित है।


श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर के दर्शन से पूर्व माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने वृन्दावन स्थित अन्नपूर्णा भवन/रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्नपूर्णा भवन के परिसर में स्थित मंदिर के दर्शन किए। माननीय मुख्यमंत्री जी ने अन्नपूर्णा भवन की पाकशाला/रसाई का अवलोकन किया तथा भोजन हेतु लोगों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। माननीय मुख्यमंत्री जी ने पूज्य श्री विजय कौशल जी महाराज जी से भेंट की तथा कुशलक्षेम जाना।

Spread the love