मथुरा। जनपद की गोवर्धन तहसील स्थित ग्राम नगला सबला के होनहार पहलवान रवि कुन्तल (पौत्र दामोदर कुन्तल) ने राष्ट्रीय फ्री-स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता के 70 किग्रा वर्ग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर गांव आगमन के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने पहलवान रवि कुन्तल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं की मेहनत और अनुशासन ही उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। ऐसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और भविष्य में देश के लिए और भी पदक लाएंगे।
समारोह में विनोद प्रमुख दीपक चौधरी प्रहलाद सिंह पुष्पेंद्र मास्टर राजेंद्र प्रधान (उमरी), डॉ. रमेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने विजेता पहलवान का गर्मजोशी से स्वागत कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संयोजन हरिशंकर पहलवान, डॉ. रमेश कुन्तल (आढ़तिया), डॉ. ऐवज कुन्तल, कमल सिंह, रणवीर सिंह, जसवंत सिंह एवं समस्त कुन्तल परिवार ने किया। समारोह का समापन खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।