फरह समेत मथुरा के तीन ब्लॉक बल्देव, गोवर्धन और नंदगांव में स्वास्थ्य केंद्र पर 563 क्षय रोगियों को मिला पौष्टिक आहार सहयोग

Uncategorized

मथुरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह पर मंडोना (Mundona) रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन के सहयोग से जिला क्षय रोग विभाग द्वारा दो दिवसीय जागरूकता एवं पौष्टिक आहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत फरह, गोवर्धन, बलदेव एवं बरसाना क्षेत्रों के कुल 563 उपचाररत क्षय रोगियों को पौष्टिक सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मथुरा डॉ. राधा वल्लभ ने रोगियों को संबोधित करते हुए कहा कि “सभी क्षय रोगी समय से दवाओं का सेवन करें और पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, तभी पूर्ण उपचार संभव है।”
वहीं चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह डॉ. रामवीर सिंह ने कहा कि “स्वस्थ जीवन के लिए स्वस्थ तन के साथ-साथ स्वस्थ मन भी आवश्यक है।”

इस अवसर पर जिला पीपीएम समन्वयक आलोक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडोना रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा जनपद मथुरा के तीन ब्लॉक—फरह, गोवर्धन, बलदेव तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसाना के चिन्हित क्षय रोगियों को गोद लिया गया है। संस्था द्वारा इन क्षेत्रों में विगत कई वर्षों से प्रत्येक माह उपचाररत रोगियों को नियमित रूप से पौष्टिक सामग्री वितरित की जा रही है।

संस्था के निदेशक लक्ष्मीकांत गौर ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल पोषण सामग्री का वितरण नहीं, बल्कि क्षय रोगियों को सामाजिक, मानसिक एवं पोषण संबंधी संपूर्ण सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले चार वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है और लक्ष्य है कि प्रत्येक रोगी उपचार पूरा कर आगे चलकर अन्य रोगियों को प्रेरित करने वाला ‘टीबी चैम्पियन’ बने।
कार्यक्रम के दौरान रोगियों को स्वच्छता बनाए रखने, दवा नियमित लेने, परिजनों की जांच कराने तथा अपने अनुभव साझा कर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

सहयोग की अपील
मौके पर उपस्थित संस्था एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्तियों, संस्थाओं एवं समूहों से अपील की कि वे किसी क्षय रोगी को गोद लेकर उसके पोषण, दवा पालन एवं मानसिक सहयोग में योगदान दें।

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
फाउंडेशन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी की जांच कराएं। टीबी की जांच एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

कार्यक्रम में सत्यवीर, अनूप, राजेश, पुष्पेन्द्र, दीपक, मंजीत, पंकज यादव, दुष्यंत, निश्चल दिवाकर, शिव कुमार, तेजवीर, मुकेश कुमार, संजय शर्मा, प्रेम कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं फाउंडेशन के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Spread the love