मथुरा। जिला क्षय रोग केंद्र द्वारा आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बीसीजी टेक्नीशियन सतीश चंद्र को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई। शॉल उढ़ाकर एवं स्मृति चिंह भेंट कर उनको सम्मानित किया और उनको सेवाओं को सराहा गया।
समारोह में जिला क्षय रोग अधिकारी डा. संजीव यादव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आलोक कुमार, उप जिला क्षय रोग अधिकारी डा. सत्य प्रकाश राठौर, डा. रोहतास, तथा जिला क्षय रोग केंद्र के वरिष्ठ कर्मचारी, तकनीशियन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता आदि ने सतीश चंद्र के वर्षों लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें विभाग का समर्पित, अनुशासित और निष्ठावान कर्मचारी बताया। वक्ताओं ने कहा कि सतीश चंद्र ने न केवल राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य किया, बल्कि अपने सहज व्यवहार, समयनिष्ठा और तकनीकी दक्षता से सदैव विभाग को मजबूत किया। उनके द्वारा जनहित में किए गए कार्य और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। विदाई समारोह के दौरान सतीश चन्द्र भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े।
समारोह में सतीश चंद्र तथा उनके परिवारजनों का अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ, सम्मान प्रतीक और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों ने भी इस सम्मान के लिए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन बिहारी लाल शर्मा एवं श्याम बाबू शुक्ला ने किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. संजीव यादव ने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से सतीश चंद्र एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त किया।