मथुरा। शहर में उपभोक्ता के परिसर पर स्मार्ट मीटर स्थापना के बाद लगातार यह शिकायत आ रही है, कि स्मार्ट मीटर में रीडिंग अपेक्षाकृत अधिक आ रही है, जिस कारण बिजली का मासिक बिल बढकर आ रहा है, उपभोक्ताओं की इस तरह की शिकायतों के समाधान के लिए विभाग द्वारा स्मार्ट के मीटर के साथ 05 प्रतिशत उपभोक्ताओं के यहां चेक मीटर भी लगाया गया। जिसका विश्लेषण करने पर पाया गया है स्मार्ट मीटर एवं उसके साथ लगाये गये चेक मीटर की रीडिंग मे कोई अंतर नहीं आया। मथुरा शहर मे अब तक 51245 स्मार्ट मीटर स्थापित किये जा चुके है।
अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत नगरीय वितरण मण्डल, मथुरा ई० आर०पी० सिंह, द्वारा आश्वस्त किया गया है, कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल सटीक एवं समय से प्राप्त होगा, बिजली बिल के लिये उपकेन्द्र के चक्कर नही लगाने पड़ेंगे, बिजली बिल खपत इत्यादि की जानकारी मोबाइल एप पर मिल जायेगी एवं स्मार्ट मीटर से किसी प्रकार की कोई छेड छाड नही की जा सकेगी। मीटर स्थापित करने वाली कार्यदायी संस्था को असंतुष्ट उपभोक्ताओं के घरों मे स्मार्ट मीटर के साथ चैक मीटर लगाने हेतु भी निर्देशित किया गया है, जिससे उपभोक्ता को पूर्ण रूप से संतुष्ट किया जा सकें।