बिहारीजी कॉरिडोर में विस्थापित लोगों को ‘नो प्रॉफिट नो लॉस’ में दिए जाएंगे प्लॉट: एमवीडीए की बोर्ड बैठक में पास हुए महत्वपूर्ण प्रस्ताव

Uncategorized

मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 107 वीं बोर्ड बैठक आयोजित

मथुरा। उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 107 वीं बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण की विगत 106 वीं बोर्ड बैठक की पुष्टि की गई। तत्पश्चात बैठक में प्रस्ताव रखे गए।

रुक्मणि विहार आवासीय योजना सेक्टर 1 स्थित कम्युनिटी फैसिलिटी भूखंड का भू उपयोग आवासीय में परिवर्तित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। प्राधिकरण सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि श्री बांके बिहारी कॉरिडोर वृंदावन परियोजना के शुभारंभ होने पर विस्थापित होने वाले परिवारों के लिए आवासीय भूखंडों की आवश्यकता पड़ेगी। प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि नियमानुसार भू उपयोग परिवर्तन किया जाए, साथ ही विस्थापित होने वाले परिवारों को नो प्रॉफिट नो लॉस पर भूखंड उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाए। प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।

उप्र विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों तथा आदर्श जोनिंग रेगुलशन्स 2025 को लागू किए जाने का प्रस्ताव के संबंध में निर्देश दिए गए कि इसमें एक समिति का गठन कर उक्त नियमों के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं और आम जन को क्या लाभ होगा, इसका अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

प्राधिकरण की रुक्मणि विहार आवासीय योजना के सेक्टर 3 में टू बीएचके को प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर पुनः पंजीकरण खोले जाने के संबंध में प्रस्ताव रखा गया। उक्त योजना में अभी तक हुए आवंटन की जानकारी लेते हुए समीक्षा की। अवशेष आवास की बिक्री हेतु आवंटन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी।

प्राधिकरण की आवासीय योजना ग्राम रहीमपुर तहसील व जिला मथुरा के कतिपय खसरा संख्याओं की भूमि का भू उपयोग मथुरा वृन्दावन मास्टर प्लान 2031 में कृषि से आवासीय एवं नॉलेज पार्क से आवासीय में परिवर्तित करने के संबंध में प्रस्ताव रखा गया। अवगत कराया गया कि उक्त योजना में 50 प्रतिशत से अधिक भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। जल्द ही अवशेष भूमि के अधिग्रहण करने के निर्देश दिए तथा उक्त योजना का विकास करने हेतु डेवलेपमेंट प्लान तैयार करने के हित में प्रताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में जिलाधिकारी सी पी सिंह, प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, सचिव प्राधिकरण अरविंद द्विवेदी, ओएसडी प्रसून्न द्विवेदी, संयुक्त नियोजक श्रीमती स्मिता निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी मुन्ना लाल शुक्ल और गैर सरकारी सदस्य के रूप में नवीन मित्तल, भुवन भूषण कमल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love