मथुरा । कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स एवं मथुरा वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आज सरकार द्वारा बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण के निर्णय पर जिलाधिकारी मथुरा को समर्थन पत्र व ज्ञापन दिया गया l
कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के ब्रज प्रांत संयोजक अमित जैन ने बताया कि ब्रह्मांड नायक भगवान श्री कृष्ण एवं राधा रानी की जन्मस्थली होने के कारण मथुरा वृंदावन (ब्रज) की विश्व पटल पर एक अलौकिक पहचान है और जैसा कि सर्वज्ञात है भगवान श्री कृष्ण एवं राधा रानी के अनुयायियों की संख्या संपूर्ण विश्व में है, अपने आराध्य की झलक पाने हेतु करोडो की संख्या में अनुयाई संपूर्ण विश्व से उनके दर्शन करने के लिए साल भर आते रहते हैं, जिससे यहां की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा में व्यवधान पैदा होता है और आने वाले श्रद्धालुओं स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों को भी कठिनाई होती है, उन सभी तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, स्थानीय लोगों की परेशानियों को देखते हुए सरकार द्वारा वृंदावन कॉरिडोर निर्माण के लिए जो कदम उठाया जा रहा है वह आवश्यक व उचित है, समय की मांग एवं जन भावनाओं को देखते हुए बृहद कॉरिडोर का निर्माण होना भविष्य में सभी के लिए उपयोगी होगा, अमित जैन ने यह भी बताया कि कॉरिडोर निर्माण से अंत्योदय के साथ-साथ सरकार की सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबके प्रयास के मंत्र की परिकल्पना भी सार्थक होगी l
मथुरा वृंदावन होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप ने बताया कि काशी विश्वनाथ, महाकाल उज्जैन के उदाहरण हमारे सामने हैं जहां कॉरिडोर बनने के बाद पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का आगमन कई गुना बढ़ गया है, भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज विश्व में आस्था व आकर्षण का केंद्र बन गई है, बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण में समाज के सभी वर्ग का हित है, बृहद कॉरिडोर बनने के बाद मथुरा जिले का सर्वांगीण विकास होगा, अंतरराष्ट्रीय होटल ग्रुप, फूड चेन, रियल एस्टेट ग्रुप, हॉस्पिटल्स, मल्टीनेशनल कंपनी इत्यादि यहां पर आएंगे इससे केंद्र व प्रदेश का राजस्व बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजन होंगे l
कनफेडरेशन का ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), ऑल इंडिया ज्वेलर्स और गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) और मथुरा वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे बांके बिहारी वृंदावन कॉरिडोर का पुरजोर समर्थन किया है और सरकार से आग्रह किया है कि कॉरिडोर बनाते समय वृंदावन की कुंज गलियां, पारंपरिक स्वरूप, पुरातन संस्कृति, श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं, सेवायतनो की सेवा परंपरा आदि का भी सम्मान बरकरार रखा जाए l
ज्ञापन में संगठन के सचिव आर बी चौधरी, कोषाध्यक्ष ठाकुर राजा भोज, महामंत्री संजीव गर्ग, डॉ बी बी चौधरी, नरेश कुमार, अयोध्या प्रसाद पांडे आदि उपस्थित रहे