वृंदावन – छटीकरा मार्ग पर विकास प्राधिकरण ने लगाए लाल निशान

Uncategorized

ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को बिल्डिंग सील करने की चेतावनी

मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की मौजूदगी में इंजीनियरों की टीम ने किया चिन्हांकन

वृंदावन (मथुरा)। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को वृंदावन छटीकरा मार्ग पर ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के यहाँ लाल निशान लगा दिए हैँ। हिदायत दी गई है कि उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण न हटाया गया तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। इससे छटीकरा मार्ग पर भवन स्वामियों में खलबली मच गई है।
दरअसल पिछले काफी समय से वृंदावन छटीकरा मार्ग को हेरिटेज लुक देने की कोशिश हो रही है। इसके लिए इस फोरलेन मार्ग पर सभी भवनों के फ्रंट को एक रंग दिया जा रहा है। इसके बाद भी मार्ग को एकरुपता नहीं मिल पा रही है। इसमें भवन स्वामियों द्वारा ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर अतिक्रमण बड़ी समस्या बना हुआ है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में भवन स्वामियों ने ग्रीन बेल्ट और सेड बैक की जमीन खाली छोड़ने संबंधी प्रावधान की अनदेखी कर दी है। उक्त क्षेत्र में भी व्यवसायिक गतिविधयों को अंजाम दिया जा रहा है।
इसे देखते हुए सोमवार को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने ओएसडी प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, सहायक अभियंता अशोक चौधरी सहित अवर अभियंताओं के साथ वृंदावन छटीकरा मार्ग के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन चिन्हिंत कराई। यहाँ रोड किनारे प्रेम मंदिर से हाइवे तक ग्रीन बेल्ट और सेट बैक में निर्धारित जमीन पर लाल निशान लगाए, जिसे भवन स्वामियों को खाली करने के लिए कहा गया।
एमवीडीए उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने भवन स्वामियों को हिदायत दी कि ग्रीन बेल्ट और सेट बैक की जमीन पर निर्माण, अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित भवन को सील कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वृंदावन छटीकरा मार्ग पर आश्रम लैंड के सामने तीन मीटर ग्रीन बेल्ट और छह मीटर सेट बैक निर्धारित है। कामर्सियल, आवासीय भूमि में तीन मीटर ग्रीन बेल्ट तथा प्लाट के अनुरूप सेट बैक निर्धारित है। उक्त क्षेत्र में सभी प्रकार का अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिए गए हैँ। साथ ही इस क्षेत्र में लाल निशान भी लगाए हैँ। अतिक्रमण न हटाने वालों की बिल्डिंग सील की जाएगी।

Spread the love