वार्ड 63 की जनता को मिलेगी सार्वजनिक पार्क की सौगात

बृज दर्शन

यमुना किनारे अशोक विहार क्षेत्र में विकसित होने जा रहा पार्क

समीपवर्ती दो दर्जन कालोनियों के लोगों को मिलेगी सुविधा
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन सदर क्षेत्र के वार्ड नंबर 63 में यमुना किनारे पार्क विकसित करने जा रहा है। इस वार्ड में यह पहला सार्वजनिक पार्क होगा। लगभग तीन हजार वर्गमीटर से भी ज्यादा क्षेत्रफल वाले इस पार्क के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

सदर क्षेत्र के वार्ड नंबर 63 में अशोक विहार यमुना किनारे में कई वर्षों से सरकारी जमीन को कुछ लोग जोत-बो रहे थे और उस पर फूलों की खेती कर रहे थे। नगर निगम ने दो माह पूर्व इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया था। इसी जमीन पर अब पार्क विकसित करने की कार्ययोजना नगर निगम द्वारा बनाई जा रही है। इसमें तार फेंसिंग, बच्चों के लिए झूले, पाथ वे, प्रकाश व्यवस्था, बेंच आदि कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा आगे के चरणों में अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। गौरतलब है कि इस पार्क के विकसित होने से अशोक विहार, श्याम सुंदर कालोनी, कन्हैया कुंज समेत करीब एक दर्जन समीपवर्ती कालोनियों के लोग लाभान्वित होंगे। साथ ही इससे क्षेत्रीय विकास को चार चांद भी लग जाएंगे।
इस बारे में क्षेत्रीय पार्षद संजय अग्रवाल एडवोकेट ने बताया कि इस पार्क के रूप में क्षेत्रीय जनता को एक बड़ी सौगात देने की तैयारी की जा रही है। इस पार्क से आसपास की कई कालोनियां सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी। जल्द ही पार्क का विकास कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

Spread the love