मथुरा। लोगों की सुविधार्थ डाक विभाग ने प्लानिंग तैयार की है। आधार कार्ड अधिक से अधिक बने,इसके लिए मुख्य डाकघर में मशीनें बढ़ाई जाएंगी। प्रतिदिन पांच सौ से अधिक आधार कार्ड बनाने,संशोधन का लक्ष्य रखा गया है। इससे लोगों को आधार कार्ड के लिए इधर से उधर नहीं भटकना पड़ेगा।

डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक जितेन्द्र सिंह द्वारा आधार कार्ड के लिए अधीनस्थों को निर्देशित किया है कि वह डाकघरों में अधिक से अधिक आधार कार्ड बनाएं। आधार कार्ड से संबंधित जो भी समस्या लोगों की हैं उनका निस्तारण तुरंत करें। सीनियर पोस्ट मास्टर देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्य डाकघर में एक मशीन लगी हुई है। दो और मशीनें जल्द लगेंगी। इससे कार्य में तेजी आएगी।

बाजना, बलदेव, छाता, सिविल कोर्ट, फरह, जीटीबी, गोवर्धन, कोसीकलां, कृष्णानगर, लाल दरवाजा, मथुरा चौक, मथुरा सिटी, मथुरा रिफाइनरी, रिफाइनरी नगर, राया, सादाबाद, सहपऊ, श्रीबांके बिहारी, श्री कृष्ण जन्मस्थान, सुरीर, वृंदावन, मांट आदि डाकघरों में आधार कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाई जाएगी। कोई लौटकर न जाए इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। आधार कार्ड संशोधन के लिए लोगों को जरूरी कागज लाने होंगे। स्पेशल ड्राइव की प्रतिदिन मॉनीटरिंग होगी। अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इससे उनका उत्साहवर्धन होगा। किसी प्रकार की परेशानी आने पर अधिकारी को बताएं।