सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा हटाया जाए
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर होगी कार्यवाही
राजस्व कोर्ट में लम्बित वादों का निस्तारण शीघ्रता से करें
मथुरा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए निर्देश कि दिये गरीब व्यक्तियों की समस्या का निराकरण करने के लिए संपूर्ण समाधान दिवस के पश्चात ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाई जाये। चौपाल में समाधान दिवस में आए अधिकारियों को भी शामिल किया जाए, जिससे ग्रामीणों की समस्या का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
श्री चहल ने निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों में जो अवैध कब्जे किये गये हैं उन पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए अवैध कब्जा हटाया जाए तथा जिन लोगों को पट्टा दिया गया है उनकी जमीन पर कब्जा आवश्यक रूप से कराया जाए । उन्होंने बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि जो लेखपाल,अमीन अनुपस्थित रहते हैं या अपने कार्य में लापरवाही बरतते है उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व सम्बन्धी सभी लम्बित प्रकरणों का निस्तारण यथा शीघ्र किया जाए । उन्होंने अवैध खनन करने वाले, चारागाह की जमीन पर कब्जा करने वाले, ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने आवासी पट्टे, मत्स्य पट्टा, कृषि पट्टा, वृक्षारोपण हेतु जमीन, कुम्हारी कला हेतु पट्टा आदि पात्र व्यक्तियों को यथा शीघ्र देने के निर्देश दिये।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय ने सरकारी धन की बसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वाणिज्य कर के अधिकारी तहसील जाकर उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार से मिले और उनके द्वारा भेजी गई आर० सी० का मिलान कराकर बसूली की कार्यवाही करें। उन्होंने रजिस्टीकरण अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जो प्राइवेट बिल्डर्स है उनसे सम्पर्क करके बिना रजिस्ट्री के निवास करने वाले लोगों की रजिस्ट्री करायें। उन्होंने ए.आर.टी.ओ, पावर कारपोरेशन, खनन,वन विभाग,सिंचाई,बांट एवं मांप,व्यापार कर भू-राजस्व की वसूली की विस्तृत रूप से समीक्षा की।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी मांट,गोवर्धन, महावन, छाता के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे l